Thursday, October 1, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

9 अक्टूबर के टी20 के लिए JSCA में बढ़ी तैयारी:5 और 6 अक्टूबर को 6 काउंटरों से बिकेंगे टिकट, 7 को रांची पहुंचेंगी दोनों टीमें


भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी20 मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के साथ टिकट बिक्री, दर्शकों की सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। टिकट 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर बनाए जा रहे छह विशेष काउंटरों से मिलने की व्यवस्था की गई है। इनमें चार काउंटर आम दर्शकों के लिए और दो महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए होंगे। काउंटर पर दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा। टिकट की कीमत 1600 रुपए से 18 हजार रुपए तक रखी गई है। टिकट लेने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए काउंटरों पर स्पष्ट मार्किंग, अलग-अलग कतार और बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। फर्जी टिकट ऑफर से सावधान रहने की अपील मैच के टिकट ऑनलाइन भी खरीदे जा सकेंगे। इसके लिए District.in वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने क्रिकेट प्रेमियों से सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी टिकट ऑफर और नकली विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टिकट बिक्री को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में दर्शकों को अनधिकृत प्लेटफॉर्म से टिकट नहीं खरीदने और टिकट से जुड़ी जानकारी के लिए केवल जेएससीए के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने को कहा गया है। जेएससीए स्टेडियम में करीब 39,500 से 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इसके अलावा प्रीमियम अनुभव के लिए 76 कॉरपोरेट बॉक्स उपलब्ध हैं। टिकट काउंटर के आसपास भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बांस-बल्लियों के साथ स्टील और लोहे की बैरिकेटिंग लगायी जा रही है। टिकटों की कालाबाजारी पर भी पुलिस की नजर रहेगी और काउंटरों के आसपास सीसीटीवी व निगरानी व्यवस्था रखने की तैयारी है। स्टेडियम के बाहर भी सुरक्षा घेरा, बिना टिकट भीड़ पर रोक मैच को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्टेडियम को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा और दर्शकों के प्रवेश के लिए निर्धारित गेटों की व्यवस्था रहेगी। तैयारी के अनुसार, दर्शकों का प्रवेश दोपहर तीन बजे से शुरू किया जाएगा, ताकि वैध टिकट वाले दर्शक मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में पहुंच सकें। बिना टिकट स्टेडियम के आसपास भीड़ लगाने पर रोक रहेगी। मैदान में दर्शकों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए बैरिकेटिंग और सुरक्षा घेरा मजबूत किया जा रहा है। पिछले मैचों के अनुभव को देखते हुए दर्शक दीर्घा और मैदान के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टेडियम में ज्वलनशील पदार्थ, बैग, पानी की बोतल और अन्य प्रतिबंधित सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच की जाएगी। अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ स्टेडियम के भीतर और बाहर निगरानी बढ़ायी जाएगी। पार्किंग के लिए अलग जोन, समय से पहुंचने की अपील मैच के दौरान वाहनों के बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष व्यवस्था तैयार की है। सामान्य दर्शकों को स्टेडियम के सामने या मुख्य सड़कों पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए स्टेडियम से बाहर अलग-अलग स्थानों पर चिन्हित पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। वहीं कॉरपोरेट बॉक्स, हॉस्पिटैलिटी और प्रेसिडेंट एन्क्लोजर से जुड़े अधिकृत पासधारकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था रहेगी। ऐसे वाहनों को निर्धारित पार्किंग जोन में प्रवेश के लिए पास जारी किए जायेंगे। ट्रैफिक पुलिस की ओर से दर्शकों को मैच शुरू होने के ठीक पहले पहुंचने के बजाय पर्याप्त समय लेकर स्टेडियम आने की सलाह दी जाएगी। इससे पार्किंग, सुरक्षा जांच और प्रवेश के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस और ट्रैफिक टीम की तैनाती भी की जाएगी। 7 को रांची पहुंचेंगी टीमें, श्रेयस की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगी। 8 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमों का अभ्यास सत्र होगा। सुबह वेस्टइंडीज के खिलाड़ी अभ्यास करेंगे, जबकि इसके बाद भारतीय टीम प्रैक्टिस करेगी। 9 अक्टूबर को दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है और तिलक वर्मा उपकप्तान हैं। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और ईशान किशन शामिल हैं। ऑलराउंडर के रूप में शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी को जगह दी गयी है। गेंदबाजी विभाग में कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और प्रिंस यादव हैं। मैच को लेकर स्टेडियम और शहर में तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles