
कल्याणी से सामु रजक की रिपोर्ट
कोलकाता में कुछ दिन रहने के बाद बुधवार की रात बॉर्डर पार करके बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी को बीएसएफ ने गिरफ्तार किया है. घटना नदिया जिले के तेहट्टा के नफरचंद्रपुर की है. इससे पहले कि बांग्लादेशी युवक कंटीली तार पार कर पाता, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उसे धर दबोचा. उसे बॉर्डर पार कराने में मदद करने के आरोप में एक भारतीय युवक को भी गिरफ्तार किया गया है.
पैसे लेकर बांग्लादेशियों को सीमा पार कराने वाला भी गिरफ्तार
भारतीय युवक पर आरोप है कि वह पैसे लेकर बांग्लादेशियों को गैर-कानूनी तरीके से बॉर्डर पार कराने का इंतजाम कर रहा था. गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक का नाम बाबुल हुसैन हल्दर है. वह बांग्लादेश के खुलना के भागरथ स्मारकोला इलाके का रहने वाला है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके भारत आने का मकसद क्या था.
ब्रोकर की मदद से भारत आया था बाबुल
बांग्लादेशी युवक को बॉर्डर पार कराने में मदद करने वाले भारतीय युवक की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि बाबुल कुछ दिन पहले एक ब्रोकर की मदद से गैर-कानूनी तरीके से भारत में घुसा था. कुछ दिन कोलकाता में रहने के बाद उसने बांग्लादेश लौटने की योजना बनायी.
ये भी पढ़ें: नदिया बॉर्डर पर बंगाल पुलिस का सीक्रेट ऑपरेशन, 2 महिला समेत 5 बांग्लादेशी घुसपैठिये गिरफ्तार
सीमा पार करने से पहले ही जवानों ने दबोचा
आरोप है कि बाबुल ने उसकी स्वदेश वापसी में मदद के लिए तेहट्टा इलाके के एक लोकल ब्रोकर से कॉन्टैक्ट किया. बदले में उसे मोटी रकम मिलना था. पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात नफरचंद्रपुर बॉर्डर के रास्ते जब बाबुल को बांग्लादेश भेजने की कोशिश की जा रही थी, तभी पेट्रोलिंग कर रहे बीएसएफ जवानों ने दोनों को देखा.
ये भी पढ़ें: घुसपैठियों में बंगाल की 3D नीति का खौफ, हकीमपुर बॉर्डर पर बीएसएफ से कह रहे- साहब, हमें वापस भेज दो
गिरफ्तार युवकों ने बताया बॉर्डर पार करने का प्लान
शक होने पर बीएसएफ के जवानों ने दोनों को हिरासत में ले लिया. हिरासत में लेने के बाद दोनों से पूछताछ की गयी. पूछताछ में उन्होंने बॉर्डर पार कराने के प्लान के बारे में बताया. उसके बाद दोनों को तेहट्टा थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बॉर्डर पार कराने वाला कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं है.
ये भी पढ़ें: अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई तेज, डिटेक्ट, डिलीट, डिपोर्ट नीति से खौफ में घुसपैठिये
The post भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर चौकस बीएसएफ जवान, सीमा पार कर रहे बांग्लादेशी समेत 2 को दबोचा appeared first on Prabhat Khabar.
