चीराचास थाना क्षेत्र के सुल्तान नगर में मंगलवार रात करीब 12 बजे 25 वर्षीय सैराज अंसारी की हाथ की नस कटने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक ने आवेश में आकर खिड़की के शीशे पर जोर से मुक्का मारा था। इससे उसके हाथ में गंभीर चोट लगी और नस कट गई। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद उसने किसी को जानकारी नहीं दी और कमरे में पड़ा रहा। जबकि इस दौरान परिजन भी घर से बाहर थे। काफी देर बाद कमरे के दरवाजे के पास खून देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे कमरे में पहुंचे तो युवक को घायल हालत में पाया। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सैराज नशे का आदी था और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। कुछ महीने पहले ही वह रांची स्थित नशामुक्ति केंद्र से इलाज कराकर लौटा था। फिलहाल चीराचास पुलिस भी इसे आत्महत्या मान रही है। फिलहाल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर परिजनों व मोहल्ले में मातम का माहौल है। नशा से बचने की अपील : जिला प्रशासन की ओर से नशा के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में एएसपी ने बताया कि उक्त युवक को नशा से मुक्ति के लिए परिजनों ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह मुक्त नहीं हो पा रहा था। ऐसे में अभिभावकों से अपील है कि नशा के शुरूआत में ही बच्चे पर ध्यान दें।
