![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो संस्कार भारती की बोकारो जिला इकाई की ओर से रविवार को सेक्टर-4 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में बालकृष्ण रूप सज्जा, नृत्य एवं नृत्य नाटिका प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 के प्राचार्य व एआरओ डीएवी जोन-के एसके मिश्रा, प्रांतीय साहित्य प्रमुख अनिल कुमार झा, चित्रकला प्रमुख सरोज कुमार मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्कार भारती के ध्येय गीत से हुई। प्रतियोगिता में डीपीएस, चिन्मय विद्यालय, एमजीएम स्कूल, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, जीजीपीएस, डीएवी एवं सरस्वती विद्या मंदिर समेत कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बालकृष्ण व राधा का रूप धरे बच्चों ने आकर्षक परिधान और अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। निर्णायक मंडली में डॉ. शुभ्रा मुखोपाध्याय, लिपि बोस, डॉ. मंजरी श्रीवास्तव एवं चमचम कुमारी शामिल थीं। प्राचार्य एसके मिश्रा ने कहा कि संस्कार भारती सराहनीय कार्य कर रही है।
कृष्ण-राधा के रूप में प्रतिभागियों ने मोहा मन
