Monday, October 5, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच:टिकट काउंटर पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़, 9 अक्टूबर के मुकाबले को लेकर दिख रहा उत्साह


भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह अब टिकट काउंटर पर साफ नजर आने लगा है। सोमवार सुबह 9 बजे से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू होते ही जेएससीए स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास बनाए गए टिकट काउंटर पर दर्शकों की लंबी कतार लग गई। समय बढ़ने के साथ टिकट खरीदने पहुंचने वाले क्रिकेट प्रेमियों की संख्या भी लगातार बढ़ती गई। कतार में महिला, पुरुष और युवा दर्शक शामिल रहे। कई प्रशंसक सुबह-सुबह ही काउंटर पर पहुंच गए, ताकि अपनी पसंद की टिकट हासिल कर सकें। टिकट मिलने के बाद दर्शकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि लंबे समय से रांची में होने वाले इस मुकाबले का इंतजार था। अब टिकट हाथ में आने के बाद स्टेडियम में बैठकर भारतीय टीम को खेलते देखने का इंतजार है। रांची ही नहीं, दूसरे जिलों और राज्यों से भी पहुंचे प्रशंसक टिकट खरीदने के लिए सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी क्रिकेट प्रेमी पहुंचे। कई दर्शक दोस्तों के साथ काउंटर पर पहुंचे और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। एक क्रिकेट प्रेमी ने बताया कि वह काफी समय से इस मुकाबले का इंतजार कर रहे थे और टिकट मिलना ही उनके लिए बड़ी खुशी है। वहीं, एक अन्य दर्शक ने कहा कि मैच को लेकर पहले से काफी उत्साह था। ऑफलाइन टिकट बिक्री की जानकारी मिलने के बाद दोस्तों के साथ टिकट लेने पहुंचे। अब टिकट हाथ में आने के बाद 9 अक्टूबर का इंतजार है। जेएससीए में इस समय टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। काउंटर के आसपास लगातार दर्शकों की आवाजाही बनी हुई है। टिकट लेकर लोग खुशी-खुशी बाहर निकल रहे हैं, जबकि नए दर्शक अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पसंदीदा क्रिकेटरों को करीब से देखने और मैदान पर उनका प्रदर्शन देखने की बेचैनी भी दर्शकों में नजर आ रही है। छह काउंटरों पर हो रही टिकटों की बिक्री ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक की जा रही है। इसके लिए जेएससीए स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास कुल छह काउंटर बनाए गए हैं। इनमें चार काउंटर आम दर्शकों के लिए हैं, जबकि महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए दो अलग काउंटर रखे गए हैं। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट दिए जाने की व्यवस्था है। टिकटों की कीमत अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय की गई है। हिल एरिया का टिकट 1,600 रुपए है, जबकि प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर का टिकट सबसे महंगा 18 हजार रुपए तक है। अलग-अलग श्रेणियों के टिकटों को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है। चार दिन पहले ही दिखा मैच का जुनून 9 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले को लेकर जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम को भी पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है। टिकट काउंटर के पास भी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले में अभी चार दिन का समय बाकी है, लेकिन टिकट काउंटर पर उमड़ी भीड़ ने मैच के प्रति उत्साह की तस्वीर पहले ही साफ कर दी है। लंबी कतारों में खड़े क्रिकेट प्रेमियों की संख्या बता रही है कि रांची के साथ-साथ दूसरे शहरों और राज्यों के प्रशंसक भी इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। स्टेडियम में भारतीय टीम को खेलते देखने और पसंदीदा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गवाह बनने को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles