Tuesday, October 6, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या:चार नकाबपोशों ने स्कूटी से गिराकर डंडे-चाकू से पीटा, सिर में गोली मारी; लोग वीडियो बनाते रहे


कटिहार में सोमवार को दिनदहाड़े बाजार में अपराधियों ने स्कूटी से कोर्ट जा रहे वकील की हत्या कर दी। आरोपियों ने सबसे पहले उन्हें घेरा फिर स्कूटी से गिराया और सड़क पर ही डंडे-लाठी से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद चाकू से कई वार किए और अंत में सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जिले के हरिगंज चौक पर करीब सुबह 10 बजकर 15 बजे घटी है। मृतक वकील की पहचान अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। वारदात इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर हथियार लहराते हुए आराम से मौके से फरार हो गए। कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए दूर हट गए, जबकि कुछ ने पूरी वारदात का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया। गोली चलते ही इलाके में भगदड़ मच गई और खुली दुकानें भी बंद हो गईं। वकील की दिनदहाड़े हत्या से वकीलों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वकीलों ने प्रशासन से अधिवक्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पहले घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… वकीलों में आक्रोश, प्रशासन से सुरक्षा और स्पीडी ट्रायल की मांग गुड्डू अंसारी की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता सदर अस्पताल और घटनास्थल पर जुट गए। वकीलों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि अगर अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। वकीलों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही कोर्ट जाने वाले अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की गई। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी परिचय कुमार पुलिस बल के साथ हरिगंज चौक पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल और अपराधियों के भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। तकनीकी सेल की मदद से संदिग्धों के मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार, मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। “अधिवक्ता हत्याकांड में मृतक की बहन के आवेदन पर तीन नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटनास्थल और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी सेल की मदद से कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एसआईटी कई ठिकानों पर दबिश दे रही है। 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का प्रयास है।” — परिचय कुमार, एसपी, कटिहार पत्नी का आरोप- पति की व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी मृतक अधिवक्ता की पत्नी निक्की खान ने बताया, उनके पति की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। पूरा विवाद मेरी ननद बीवी तबस्सुम जहां से जुड़ा था। तबस्सुम जहां रामपाड़ा मोहल्ले में रहती हैं। वहां पड़ोसी मोहम्मद मुजम्मिल उर्फ खोखा के साथ सार्वजनिक रास्ते की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पत्नी के अनुसार, विवादित जमीन न तो उनकी ननद की थी और न ही पड़ोसी की। यह गैर-मजरूआ रास्ते की जमीन थी। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। तीन माह पहले घर में घुसकर मारपीट-लूटपाट का आरोप निक्की खान के अनुसार, करीब तीन महीने पहले मोहम्मद मुजम्मिल उर्फ खोखा अपने परिजनों के साथ उनकी ननद के घर में घुसा था। वहां मारपीट और लूटपाट किए जाने का आरोप लगाया गया था। इस घटना को लेकर 31 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। गुड्डू अंसारी पेशे से अधिवक्ता थे और अपनी बहन के इस मुकदमे की खुद कानूनी पैरवी कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि इसी वजह से दूसरे पक्ष के लोगों में उनके प्रति रंजिश बढ़ गई थी। परिजनों के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले कोर्ट परिसर में भी गुड्डू अंसारी के साथ हाथापाई की गई थी। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। परिवार का कहना है कि इस धमकी के बाद भी गुड्डू अंसारी ने अपनी बहन के मुकदमे की पैरवी जारी रखी। सोमवार को कोर्ट जाते समय हुई हत्या को परिवार इसी पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। बहन के आवेदन पर तीन नामजद, अन्य अज्ञात पर केस अधिवक्ता हत्याकांड में मृतक की बहन के आवेदन पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच तीन प्रमुख बिंदुओं पर चल रही है। घटनास्थल और भागने के रास्तों का सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल तथा हत्या से पहले और बाद में संदिग्धों की गतिविधियां। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हरिगंज चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में सुबह के समय अधिवक्ता की हत्या ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय अपराधी गुड्डू अंसारी पर हमला कर रहे थे, उस समय सड़क और बाजार में लोग मौजूद थे। इसके बावजूद किसी ने हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग दहशत में दूर खड़े होकर घटना देखते रहे। कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। अपराधियों के हथियार लहराते हुए भागने के बाद ही लोगों ने घटनास्थल के आसपास जुटना शुरू किया। वकीलों और स्थानीय लोगों ने अब इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles