
Bengal Bypoll: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान कथित धांधली और ‘वोट लूट’ के आरोप कांग्रेस ने लगाये हैं. पार्टी ने दोनों सीटों पर फिर से वोट कराने की मांग की है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने मंगलवार को कोलकाता में पार्टी मुख्यालय विधान भवन में प्रेस कॉन्फअरेंस करके यह मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि रेजीनगर में कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कफी के 100 से अधिक एजेंटों को जबरन बाहर निकाल दिया गया. बाद में लगभग सभी मतदान केंद्रों पर कांग्रेस एजेंटों के साथ मारपीट की गयी.
नंदीग्राम में ‘बूथ कब्जे’ का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नंदीग्राम प्रखंड-2 के सभी मतदान केंद्रों और प्रखंड-1 के कई बूथों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कथित कब्जे का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस वजह से मतदाताओं में डर का माहौल बना और आम लोग स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर सके.
मिलन प्रधान ने लगाया ‘वोट लूट’ का आरोप
नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने मतदान के दौरान ‘वोट लूट’, मतदाताओं को धमकाने और पुलिस तथा सुरक्षा बलों की कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके एजेंटों और समर्थकों को धमकाया गया तथा उनके मतदान एजेंटों के पहचान पत्र भी छीन लिये गये.
ये भी पढ़ें: बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम में 79.39 प्रतिशत और रेजीनगर में 78.42 प्रतिशत वोट, रिजल्ट 9 अक्टूबर को
महिलाओं की पर्चियां छीनने का दावा
प्रधान ने दावा किया कि राजाराम चौक इलाके की करीब 100 महिलाएं उनके पास आयीं. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के बाहर कुछ लोगों ने उनसे मतदान पर्चियां छीन लीं. कांग्रेस उम्मीदवार के मुताबिक, महिलाओं से कहा गया कि उनका वोट पड़ चुका है.
पुलिस और CRPF पर भी लगाये आरोप
मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें निर्वाचन क्षेत्र में घूमने से रोका. उन्होंने यह भी दावा किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के सामने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने उन्हें लाठियों से पीटा. प्रधान के मुताबिक, उन्होंने निर्वाचन आयोग के सामने कई शिकायतें भी दर्ज करायी हैं.
ये भी पढ़ें: रेजीनगर में वोट से पहले शुभेंदु अधिकारी का दावा- बदलेगा अल्पसंख्यक वोट का ट्रेंड, BJP के साथ खड़े होंगे लोग
रेजीनगर में कांग्रेस उम्मीदवार का थाने के बाहर धरना
रेजीनगर से कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कफी ने भी कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में स्थानीय थाने के बाहर धरना दिया. उन्होंने उपचुनाव रद्द कर सीट पर नये सिरे से मतदान कराने की मांग की.
नंदीग्राम में 79 और रेजीनगर में 78 प्रतिशत वोट
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर शाम 5 बजे तक 79.39 प्रतिशत और रेजीनगर विधानसभा सीट पर 78.42 प्रतिशत वोटिंग हुई. कांग्रेस का दावा है कि अगर लोगों ने निर्भीक होकर मतदान किया होता, तो वोट प्रतिशत इससे अधिक हो सकता था.
ये भी पढ़ें: Watch Video: शुभेंदु अधिकारी का दावा- नंदीग्राम उपचुनाव में होगा 85 फीसदी मतदान, टूटेगा 2016 का रिकॉर्ड
‘आयोग से शिकायत, लेकिन न्याय की उम्मीद नहीं’
शुभंकर सरकार ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग के सामने शिकायतें दर्ज करायी हैं. साथ ही कहा कि उन्हें न्याय की कोई उम्मीद नहीं है. उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पुनर्मतदान की मांग की है.
The post बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम और रेजीनगर में ‘वोट लूट’ के आरोप, फिर से चुनाव कराने की मांग appeared first on Prabhat Khabar.
