![]()
मधुबनी। मधुबनी नगर थाना क्षेत्र में नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो फरार जमानतदारों को गिरफ्तार करने के साथ करीब 30 लीटर विदेशी शराब भी जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में मधुबनी नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने मंगलवार की शाम करीब छह बजे बताया कि किशोर न्याय परिषद के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने सोमवार की रात शहर के लहरियागंज इलाके में छापेमारी कर दो फरार जमानतदारों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लहरियागंज निवासी लक्ष्मी साह के पुत्र नागेंद्र साह एवं किशुन महतो के पुत्र डोमा महतो के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध किशोर न्याय परिषद के निर्देश के आलोक में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों जमानतदार गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। पुलिस को उनकी तलाश थी। सोमवार की रात सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को नगर थाना लाया गया, जहां आवश्यक कागजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं, नगर थाना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई के तहत सोमवार की रात को ही मधुबनी शहर के गदियानी इलाके में छापेमारी कर करीब 30 लीटर विदेशी शराब बरामद की। थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने मंगलवार की शाम करीब 6:00 बजे बताया कि बरामद विदेशी शराब को जब्त कर नगर थाना लाया गया है। शराब के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। इधर, गिरफ्तार दोनों जमानतदारों के विरुद्ध आवश्यक कागजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार की शाम उन्हें किशोर न्याय परिषद के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। नगर थाना पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है।
मधुबनी में दो फरार जमानतदार गिरफ्तार:30 लीटर विदेशी शराब भी जब्त, किशोर न्याय परिषद के निर्देश पर हुई कार्रवाई
