दुमका | दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में 25 सितंबर की रात दो बच्चे की मां के साथ उसके पड़ोसी ने ही दुष्कर्म किया। पति के बाहर से लौटने के बाद पीड़िता ने रविवार की शाम आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजमिस्त्री को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति 20 दिन पहले कमाने के लिए बाहर गया था । 25 सितंबर की रात अपने बच्चों के साथ सोई हुई थी। रात में आरोपी घर में घुस आया और डरा-धमकाकर दुष्कर्म िकया। विरोध करने पर आरोपी ने किसी चीज से हमला कर जख्मी कर दिया। भागते समय धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा। सुबह पति को फोन कर सारी बात बताई। रविवार को पति के आने के बाद थाना जाकर मामला दर्ज कराया। प्रभारी थाना प्रभारी आनंद ने बताया कि पीड़िता के बयान पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता की अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई है।
