![]()
वैभव सूर्यवंशी रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों में बिहार के लिए नहीं खेलेंगे। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। वैभव भारतीय टीम की तैयारी और न्यूजीलैंड दौरे में व्यस्त रहेंगे। हालांकि, अपने पहले IPL सीजन में 11 मैचों में 15 विकेट ले चुके साकिब हुसैन और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मोहम्मद इजहार बिहार के लिए रणजी खेलते नजर आएंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने BCCI के घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 के लिए रणजी ट्रॉफी और सी.के. नायडू ट्रॉफी के पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार की टीमें घोषित कर दी हैं। रणजी टीम में 17 खिलाड़ियों को मुख्य टीम में जगह दी गई है, जबकि छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय रखा गया है। वहीं, बिहार की U-23 टीम में भी 17 खिलाड़ी शामिल हैं और 10 खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया है। राजगीर में पहली बार रणजी मुकाबला, यूपी से होगी भिड़ंत बिहार की रणजी टीम अपने अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला राजगीर के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। राजगीर में पहली बार रणजी ट्रॉफी का मुकाबला होने को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। रणजी ट्रॉफी टीम की कप्तानी साकिबुल गनी को सौंपी गई है, जबकि हिमांशु सिंह उपकप्तान होंगे। वैभव न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी-20 टीम में शामिल वैभव को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेली जाएगी। बिहार को रणजी में पहला मुकाबला 11 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलना है। ऐसे में शुरुआती दो राउंड के दौरान वैभव भारतीय टीम की तैयारी और न्यूजीलैंड दौरे में व्यस्त रहेंगे। साकिब हुसैन संभालेंगे पेस अटैक IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज साकिब हुसैन टीम के पेस अटैक की अगुआई करेंगे। उन्होंने अपने पहले IPL सीजन में 11 मैचों में 15 विकेट लिए थे। अनकैप्ड बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार को भी टीम में जगह मिली है। उन्हें इस बार IPL में मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। BCCI के बुलाए चयनकर्ताओं की निगरानी में चयन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन में प्रशासनिक बदलाव के बीच सुप्रीम कोर्ट ने 16 सितंबर को पटना हाईकोर्ट के पूर्व जज अश्वनी कुमार सिंह को प्रशासक नियुक्त किया था। इसके बाद उन्होंने एक कमेटी बनाई और बिहार की टीमों के चयन के लिए BCCI से मदद मांगी। BCA के मुताबिक, रणजी टीम का चयन BCCI द्वारा बुलाए गए चयनकर्ताओं हरविंदर सिंह, एस. शरथ और अमिताभ विजयवर्गीय की निगरानी में किया गया। इस समिति ने बिहार की सीनियर पुरुष टीम चुनी है। खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और तैयारी के आधार पर पहले दो मुकाबलों के लिए टीम का चयन किया गया। टीम के सपोर्ट स्टाफ में हेड कोच आशुतोष अमन, असिस्टेंट कोच अशोक कुमार, फिजियो डॉ. हमेंन्दु और ट्रेनर गोपाल कुमार शामिल हैं। U-23 टीम की कमान आदित्य राज को सी.के. नायडू ट्रॉफी के लिए बिहार U-23 टीम की घोषणा भी कर दी गई है। टीम अपना पहला मुकाबला 12 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ गोवा में खेलेगी। आदित्य राज टीम के कप्तान होंगे, जबकि मो. तौफीक को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में विकेटकीपर के तौर पर मो. तौफीक के साथ यशस्वी राकेश शुक्ला रहेंगे। गोवा के खिलाफ होगा पहला मुकाबला U-23 टीम का चयन BCCI द्वारा बुलाए गए चयनकर्ता पथिक पटेल, हरविंदर सिंह सोढ़ी और कृष्ण मोहन की निगरानी में किया गया। इस प्रतियोगिता को युवा खिलाड़ियों के लिए सीनियर स्तर की तैयारी का अहम मंच माना जाता है। BCA के मुताबिक, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन किया गया है। दोनों टीमों के सामने नए घरेलू सत्र में मजबूत शुरुआत करने की चुनौती होगी। रणजी टीम जहां राजगीर में उत्तर प्रदेश के खिलाफ उतरेगी, वहीं U-23 टीम गोवा के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
वैभव सूर्यवंशी शुरुआती दो मैच नहीं खेलेंगे:रणजी ट्रॉफी और सीके नायडू ट्रॉफी के लिए बिहार टीम का ऐलान, साकिब हुसैन टीम में शामिल
