![]()
लोहरदगा|लोहरदगा जिले में चल रहे 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान का बुधवार को 42वां दिन पूरा हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-डालसा अध्यक्ष राज कमल मिश्रा एवं डालसा सचिव मनोरंजन कुमार के निर्देश पर किस्को प्रखंड के हिसरी पंचायत अंतर्गत बरटोली गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पीएलवी शाहिद हुसैन, निशा कुमारी एवं कलिंदर उरांव ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। पीएलवी निशा कुमारी ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, ज्ञान एवं शिक्षा सहायता एवं पहुंच योजना, नालसा डॉन योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अभियान के दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, साइबर अपराध की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी गई। पीएलवी शाहिद हुसैन ने मानव-वन्यजीव संघर्ष, एसिड हमले के पीड़ितों के लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं, नालसा मानव तस्करी, नालसा जागृति योजना के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। वहीं पीएलवी कलिंदर उरांव ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, गरीब उन्मूलन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, भूमि साक्षरता, डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और नालसा की योजनाओं की जानकारी दी
