Sunday, October 11, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मधुबनी डीएम और एसएसपी ने किया पंडालों का निरीक्षण:डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, 'पुलिस दीदी' और डायल 112 की होगी तैनाती


दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मधुबनी जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शनिवार की रात 8बजे समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि दो दिन पूर्व जिलाधिकारी आनंद शर्मा के साथ जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया था। इसके अलावा समाहरणालय में शांति समिति की बैठक आयोजित कर पूजा समितियों के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आर्केस्ट्रा संचालकों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि नाबालिग लड़कियों के शोषण अथवा मानव तस्करी का मामला सामने आने पर संबंधित आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि सभी पूजा पंडालों में डायल 112 की टीम और पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी। साथ ही पुलिस मित्र भी नियुक्त किए जाएंगे,ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके। डायल 112 और पुलिस दीदी के वाहन लगातार गश्त करेंगे। सीसीटीवी कैमरों,सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मियों तथा अन्य निगरानी माध्यमों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है। इस संबंध में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई है। एसएसपी ने बताया कि जिले में 3,500 से अधिक आपराधिक इतिहास वाले लोगों से पांच-पांच लाख रुपये के बंधपत्र भरवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 10 डीजे संचालकों से भी बंधपत्र लिया गया है। वहीं,53 लोगों के विरुद्ध सीसीए-3 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles