![]()
रांची के रातू थाना क्षेत्र में चतरा जिले की विवाहिता नाजदा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और संतान नहीं होने पर ताने देने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। नाजदा के पिता हफीज अंसारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बेटी की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दामाद और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 2019 में हुई थी शादी, दो साल बाद से प्रताड़ना का आरोप हफीज अंसारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी नाजदा खातून की शादी 15 मार्च 2019 को चतरा सदर के नासिर अंसारी के साथ की थी। नाजदा चतरा जिले के मिश्रौल गांव की रहने वाली थी, जबकि उसका पति नासिर ब्राह्मणी का निवासी है। शादी के बाद परिवार रांची के काटीटांड में रहने लगा था। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब दो साल बाद से ही नाजदा को ससुराल में परेशान किया जाने लगा। उसे संतान नहीं होने को लेकर ताने दिए जाते थे। इसके साथ ही दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि नाजदा ने ससुराल में हो रही प्रताड़ना को लेकर परिवार के लोगों को जानकारी दी थी। पिता का दावा- एक दिन पहले फोन कर मांगे 10 लाख रुपए मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 8 अक्टूबर को नाजदा के पति ने फोन कर उनसे 10 लाख रुपए की मांग की थी। हफीज अंसारी का दावा है कि पैसे नहीं देने पर उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके अगले दिन, 9 अक्टूबर को परिजनों को सूचना मिली कि नाजदा को रांची के गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया है। परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने नाजदा को मृत घोषित कर दिया था। पिता के अनुसार, अस्पताल में बेटी के शरीर पर चोट के गहरे निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। हालांकि, ये सभी आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। रातू थाने में आवेदन, पुलिस जांच के बाद खुलेगा मौत का राज घटना के बाद हफीज अंसारी ने रातू थाने में लिखित आवेदन देकर अपने दामाद और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दहेज की मांग, प्रताड़ना और जान से मारने की कथित धमकी का उल्लेख किया गया है। परिजन नाजदा की मौत को संदिग्ध मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।
दहेज और संतान न होने पर विवाहिता की हत्या:पिता का आरोप- 10 लाख रुपए नहीं देने पर बेटी की हत्या की दी थी धमकी
