![]()
मोतिहारी में धान के खेत से एक युवक का शव बरामद हुआ है। घटना कोटवा थाना क्षेत्र के गढ़वा खजुरिया वार्ड नंबर 4 की है। मृतक की पहचान गांव के मोहम्मद जुल्फिकार के बेटे जमालुद्दीन उर्फ अंगूर के रूप में हुई है। युवक पिछले दो दिनों से घर से लापता था। मंगलवार को उसका शव धान के खेत में पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोस्त के साथ निकला था घर से परिजनों के मुताबिक जमालुद्दीन रविवार को घर से अपने एक दोस्त के साथ निकला था, इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तीसरे दिन उसका शव खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने हत्या कर शव को पानी में फेंकने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही कोटवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी टू जितेश पांडेय, इंस्पेक्टर सुरेश कुमार यादव, एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। एक आंख और जीभ बाहर निकली थी मृतक सात भाइयों में पांचवें स्थान पर था। शव की स्थिति को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। प्रत्यक्ष रूप से देखने पर युवक की एक आंख बाहर की ओर उभरी हुई और जीभ बाहर निकली हुई प्रतीत हो रही थी। हालांकि शरीर पर बाहर से चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखे हैं। डीएसपी जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। यह हत्या है, आत्महत्या है या कुछ और, इसका पता लगाया जा रहा है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धान के खेत से मिला लापता युवक का शव:मोतिहारी में 2 दिन पहले दोस्त के साथ गया था, हत्या की आशंका में 2 लोग हिरासत में
