बोकारो | सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सर्कस मैदान स्थित झोपड़ी में रहने वाली पांच वर्षीय नैना कुमारी की सांप डसने के बाद इलाज के दौरान बीजीएच में मौत हो गई। घटना 10 अक्टूबर की रात की है। नैना अपने पिता आनंद बाउरी के साथ खाना खाकर सो रही थी। रात करीब एक बजे दोनों को सांप ने डंस लिया। परिजन दोनों को तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बीजीएच रेफर कर दिया गया। बीजीएच में जांच के दौरान सांप के डसने की पुष्टि हुई। लेकिन इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। आनंद बाउरी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया नीमटांड़ के रहने वाले हैं। वह बोकारो के सर्कस मैदान के पास झोपड़ी में रहकर मजदूरी करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
