Wednesday, October 14, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में दुर्गापूजा पर 500 अतिरिक्त जवान तैनात:SP बोले- लापरवाही पर पुलिसलाइन भेजेंगे; दुर्गा पूजा में ठगी-छिनतई रोकने के निर्देश दिए


दुर्गा पूजा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष खुद मैदान में उतर गए हैं। मंगलवार देर रात करीब 1 बजे एसपी गश्ती पर निकले और झुमरी तिलैया के झंडा चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार भी उनके साथ थे। झंडा चौक पर एसपी ने पैंथर जवानों को ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूजा के दौरान गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित जवानों को पुलिसलाइन भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो जवान जिम्मेदारी के साथ काम नहीं करना चाहते, उनकी जगह नए जवानों को मौका दिया जाएगा। एसपी ने सभी पैंथर जवानों को ईमानदारी से ड्यूटी करने और अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस इलाके में ठगी, छिनतई या इस तरह की अन्य घटनाएं सामने आएंगी, वहां तैनात पैंथर जवानों की जिम्मेदारी की भी समीक्षा की जाएगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी। ठगी-छिनतई गिरोह पर नजर एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने के कारण ठगी और छिनतई करने वाले गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। कोडरमा में भी हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। इसे देखते हुए पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों, बैंकों, धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके अलावा जुआ, अवैध शराब बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों और ड्यूटी पर तैनात जवानों को सतर्क रहने को कहा गया है। पुलिस की गश्ती का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। 500 अतिरिक्त जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिले में पहले से पदस्थापित पुलिस बल के अतिरिक्त पुलिसलाइन में मौजूद 300 पुलिसकर्मियों और 200 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों को भी तैनात किया गया है। इस तरह 500 अतिरिक्त जवान पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रों में चार बाइक दस्ते बनाए गए हैं, जो अलग-अलग इलाकों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। ये दस्ते असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जिम्मेदारी निभाएंगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। 18 से 22 अक्टूबर तक ट्रैफिक मैप लागू एसपी ने बताया कि जिले में 18 से 22 अक्टूबर तक, अष्टमी से द्वादशी के दौरान, यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक मैप तैयार किया गया है। इसमें यातायात प्रतिबंधित क्षेत्रों, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों की जानकारी शामिल है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। कुछ प्रमुख पूजा पंडालों के पास कंट्रोल यूनिट भी बनाई गई हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ बयान और पोस्ट प्रसारित होने से रोकने के लिए टेक्निकल टीम लगातार निगरानी करेगी। पुलिस ऐसे संदेशों पर नजर रखेगी, जिनसे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और निगरानी की व्यवस्थाओं के समन्वय से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles