![]()
पूर्व के स्वीकृत 319 पदों के पुनर्गठन व नए पद सृजन पर निर्णय हो सकता है रिम्स की शासी परिषद की 66वीं बैठक गुरुवार को होने जा रही है, जिसमें संस्थान के प्रशासनिक, वित्तीय और मरीज सुविधाओं से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में डॉक्टरों की एपीएस प्रोन्नति, पदों के पुनर्गठन और कैंसर मरीजों के इलाज हेतु आधुनिक उपकरणों की खरीद जैसे अहम एजेंडे शामिल हैं। इसके साथ ही स्थायी निदेशक की नियुक्ति न होने के चलते वर्तमान प्रभारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा के सेवा विस्तार के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा कर फैसला लिया जाएगा। रिम्स में डॉक्टरों की प्रोन्नति, चिकित्सा और गैर-चिकित्सकीय पदों के पुनर्गठन से लेकर कैंसर मरीजों के इलाज के लिए जरूरी उपकरणों की खरीद तक पर गुरुवार को होने वाली शासी परिषद की 66वीं बैठक में चर्चा होगी। बैठक में संस्थान के प्रशासनिक और वित्तीय मामलों के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा महत्वपूर्ण एजेंडों पर निर्णय लिए जाने हैं। इनमें प्रभारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा के सेवा विस्तार, चिकित्सकों की एपीएस प्रोन्नति, आयुष्मान भारत योजना का संचालन, लंबित वेतन भुगतान और नर्सिंग सहित विभिन्न पदों के पुनर्गठन का मुद्दा प्रमुख है। एजेंडे में नर्सिंग, तृतीय श्रेणी के पैरामेडिकल और चतुर्थवर्गीय पदों के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी रखा गया है। प्रोक्योरमेंट सेल के लिए अधिकारियों की नियुक्ति पर विचार
बैठक का अहम एजेंडा संस्थान में कार्यरत चिकित्सकों और गैर-चिकित्सकीय शैक्षणिक संवर्ग के कर्मियों की एपीएस प्रोन्नति है। इस पर चर्चा और निर्णय के लिए कार्यसूची में अलग से विस्तृत प्रस्ताव शामिल किया गया है। इसके अलावा जनरल डिप्टी मेडिकल ऑफिसर के पद पर चयनित डॉ. अनुज तनुजा और डॉ. विमलेश कुमार की नियुक्ति को नियुक्ति पत्र निर्गत करने के बाद घटनोत्तर स्वीकृति देने का मामला भी शामिल है। इसके साथ ही प्रोक्योरमेंट सेल के लिए अधिकारियों की नियुक्ति का एजेंडा भी बैठक में शामिल किया गया है। आयुष्मान को पीपीपी मॉडल पर जाने की तैयारी
बैठक में रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के सफल संचालन के लिए इसे पीपीपी मॉडल पर चलाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा संस्थान के विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय मामलों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, शासी परिषद की बैठक में परिचारिका श्रेणी-ए के कर्मी संदीप कुमार राय के बकाया वेतन भुगतान की स्वीकृति पर चर्चा होगी। वहीं, रिम्स में उपचार के लिए आने वाले अग्निबाधित अनाथ मरीजों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके लिए आवश्यकतानुसार 10 प्रशिक्षित कर्मियों को रखने और उनसे संबंधित वेतन आदि का विस्तृत विवरण तैयार किया गया है। बैठक के अन्य प्रमुख एजेंडे
पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की पुष्टि और उनके अनुपालन प्रतिवेदन पर चर्चा होगी।
संस्थान में नर्सिंग, तृतीय श्रेणी के पैरामेडिकल और चतुर्थवर्गीय पदों के पुनर्गठन पर निर्णय लिया जाएगा।
रिम्स विनियम-2014 के संशोधित प्रारूप पर चर्चा होगी।
विभागीय संकल्प संख्या 58(21) के तहत चिकित्सा महाविद्यालयों एवं अस्पतालों के मामलों में गठित चयन समिति के आलोक में रिम्स के लिए चयन समिति के गठन पर चर्चा होगी।
खरीद संबंधी कार्यों के लिए प्रोक्योरमेंट सेल में अधिकारियों की नियुक्ति पर चर्चा होगी।
रिम्स के न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए पैनल में शामिल अधिवक्ता की नियुक्ति पर घटनोत्तर अनुमोदन लिया जाएगा।
बोन टिश्यू इंजीनियरिंग में पीएचडी डॉ. साक्ची भूषण को अनुबंध पर टिश्यू बैंकिंग का प्रमुख नियुक्त करने के प्रस्ताव पर विचार होगा।
9 सितंबर 2026 को हुई समिति की 15वीं बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की जाएगी।
रिम्स जीबी की बैठक आज:डॉक्टरों की प्रोन्नति व प्रभारी निदेशक के सेवा विस्तार पर आज मुहर संभव
