![]()
जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव में एक महिला का शव पुराने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ी में मिला है। मृतका की पहचान रूपा मांझी की पुत्री दुतीय देवी के रूप में हुई है। गांव में चर्चा है कि महिला पर डायन होने का आरोप लगाया जा रहा था। आशंका है कि इसी अंधविश्वास के चलते उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। युवक की मौत के बाद महिला पर लगाए जा रहे थे आरोप जानकारी के अनुसार, गांव के बिहारी मांझी के पुत्र संदीप मांझी की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने उसकी मौत को सामान्य नहीं माना। इसके बाद गांव में चर्चा फैल गई कि दुतीय देवी भूत-प्रेत और जादू-टोना करती हैं और उनकी वजह से ही युवक की मौत हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी अंधविश्वास और गुस्से में महिला को निशाना बनाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि कुछ देर पहले सूचना मिली थी कि अमरथ गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ी में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा अनुसंधान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
जमुई में झाड़ी में मिला महिला का शव:डायन बताकर हत्या किए जाने की आशंका; युवक की मौत के बाद लगाए जा रहे थे आरोप
