
भोजपुरी के 'पावर स्टार' पवन सिंह रविवार, 19 अक्टूबर को बिहार के मुंगेर पहुंचे थे. मौका था कल्याणपुर में आयोजित दुर्गा पूजा के एक बड़े कार्यक्रम का. पवन सिंह के आने की खबर मिलते ही वहां फैंस की ऐसी भारी भीड़ उमड़ी कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची.
अक्षरा का गाना बजते ही खुद को रोक नहीं पाए पवन
शो जब पूरे जोर पर था, तभी डीजे पर अचानक अक्षरा सिंह का एक सुपरहिट गाना बजने लगा. फिर क्या था, गाना सुनते ही पवन सिंह का मूड एकदम बदल गया. वे खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर ही मस्त होकर झूमने और ठुमके लगाने लगे. पवन को अक्षरा के गाने पर ऐसे नाचते देख सामने खड़ी पब्लिक पूरी तरह पागल हो गई और सीटियों-तालियों से पूरा मैदान गूंज उठा.
अक्षरा के मम्मी-पापा से मांगी माफी
नाचने के बाद पवन सिंह ने माइक अपने हाथ में लिया और अचानक माहौल थोड़ा इमोशनल हो गया. पवन ने भरे मंच से सबके सामने अक्षरा सिंह के माता-पिता से माफी मांग ली. उन्होंने बड़े ही अपनेपन से कहा कि जो भी पुरानी बातें या गिले-शिकवे रहे हों, उसके लिए वे माफी मांगते हैं.
बहुत जल्द फिर से साथ दिखेगी हमारी जोड़ी'
अक्षरा के माता-पिता से माफी मांगने के तुरंत बाद पवन सिंह ने वहां मौजूद भीड़ को सबसे बड़ा सरप्राइज दे दिया. माइक थामे मुस्कुराते हुए उन्होंने सीधे जनता से सवाल दागा-"अच्छा बताओ, कौन-कौन चाहता है कि ये जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आए?
सवाल सुनते ही सामने खड़ी हजारों की भीड़ बेकाबू हो गई और पूरा मैदान तालियों, सीटियों और जोरदार हूटिंग से गूंज उठा. उन्होंने आगे बढ़कर फैंस को तसल्ली देते हुए कहा- 'चिंता मत करिए, बहुत जल्दी जोड़ी साथ आएगी.'
पवन सिंह के इस एक बयान ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है और हर तरफ यही चर्चा छिड़ गई है कि क्या वाकई सालों पुरानी दुश्मनी भुलाकर पवन और अक्षरा का पैचअप हो चुका है?
ये भी पढ़ें: Tiger Shroff पर फायरिंग से दहली बॉलीवुड इंडस्ट्री, Salman Khan समेत इन सितारों पर भी हो चुके हैं हमले
The post फिर साथ दिखेंगे पवन सिंह और अक्षरा सिंह? कल्याणपुर स्टेज शो में अक्षरा के गाने पर जमकर झूमे 'पावर स्टार'; देखें वीडियो appeared first on Prabhat Khabar.
