
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) के आरोपों का गिन-गिन कर जवाब दिया है. नदिया जिले के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मंगलवार को माकपा को ‘पश्चिम बंगाल से समाप्त हो चुका दल’ करार देते हुए वामपंथी नेताओं को आगामी निकाय चुनावों में सीधे चुनावी मैदान में उतरने की खुली चुनौती दी.
जो वेद, उपनिषद और दुर्गा पूजा को नहीं मानते, उन्हें बुक स्टॉल की इजाजत क्यों मिले?: शुभेंदु
दुर्गा पूजा पंडालों के पास वामपंथी दलों के ‘बुक स्टॉल’ विवाद और हाल ही में आये कलकत्ता हाईकोर्ट के रुख का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने माकपा की विचारधारा पर सवाल उठाये.
पश्चिम बंगाल से पूरी तरह खत्म हो चुकी पार्टी को प्रासंगिक बनाने की कोई जरूरत नहीं है. कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस संबंध में सही रुख अपनाया है. जो लोग दुर्गा पूजा या किसी भी पूजा-अनुष्ठान को नहीं मानते, जो हमारे सनातन वेद, उपनिषद और श्रीमद्भगवद्गीता का सम्मान नहीं करते, उन्हें पावन दुर्गा पूजा के दौरान अपने राजनीतिक किताबों के स्टॉल लगाने की अनुमति न देना ही बेहतर है. –शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
ये भी पढ़ें: कांथी में बोले शुभेंदु अधिकारी- भारत में बांग्लादेश जैसी अशांति फैलाना चाहते हैं कम्युनिस्ट
मोहम्मद सलीम और युवा वाम नेताओं को दी चुनौती
वामपंथी नेताओं के लगातार आ रहे बयानों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने आंकड़े गिनाते हुए माकपा के शीर्ष नेतृत्व की राजनीतिक जमीन पर बड़े सवाल खड़े किये. उन्होंने कहा- बड़े-बड़े भाषण देने वाले वामपंथी नेता बताएं कि वे कितनी बार चुनाव हारे हैं? माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम वर्ष 2019 में रायगंज से हारे, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में चंडीतला से हारे और फिर वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद सीट पर लड़ने गये. वहां भी जनता ने उन्हें नकार दिया.
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ : 3 मृतकों के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, 25-25 लाख के चेक सौंपे
युवा वामपंथियों पर शुभेंदु ने कसा तंज
मुख्यमंत्री ने एक अन्य उभरते युवा वामपंथी नेता को भी नहीं बख्शा. कहा कि वे भी पिछले कुछ समय में तीन-तीन बार चुनाव हार चुके हैं. हार के डर से ही वे वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव से पीछे हट गये.
कोलकाता व हावड़ा निकाय चुनाव में उतरने की चुनौती
मुख्यमंत्री ने माकपा नेताओं को ललकारते हुए कहा- आगामी कोलकाता नगर निगम (KMC) और हावड़ा नगर निगम चुनाव में ये नेता अपनी-अपनी वार्ड सीटों से चुनाव लड़कर दिखाएं. अगर वार्ड महिला आरक्षित है, तो किसी पास के जनरल वार्ड से खड़े हों. अगर उनकी जमानत जब्त न हो जाये, तो मैं मानूंगा कि जनता उनके साथ है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में बोले शुभेंदु अधिकारी- सनातन परंपरा के जीवंत प्रतीक हैं नवरात्रि और दुर्गा पूजा
बुक स्टॉल पर हमले से नाराज माकपा
पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर दुर्गा पूजा पंडाल के पास लगे वामपंथी पार्टियों के बुक स्टॉल्स में तोड़फोड़ के बाद लेफ्ट के नेता शुभेंदु अधिकारी की सरकार की आलोचना कर रहे हैं. वामपंथी नेताओं ने कहा है कि सत्ता के मद में चूर होकर भाजपा उसके बुक स्टॉल्स में तोड़फोड़ कर रही है. इसी के जवाब में शुभेंदु अधिकारी ने ये बातें कहीं हैं.
The post शुभेंदु अधिकारी ने माकपा के आरोपों का गिन-गिन कर दिया जवाब, मो सलीम और लेफ्ट को दी चुनौती appeared first on Prabhat Khabar.
