Wednesday, October 21, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पूर्णिया में दुर्गापूजा मेला में युवक को 3 गोलियां मारीं:एक कनपटी में लगी; घायल अररिया का रहने वाला, पुराने विवाद में गोली मारने का आरोप


पूर्णिया के सरसी थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ में दुर्गापूजा मेला के दौरान देर रात गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। यहां अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र के कालाबलुआ निवासी नीरज चौधरी उर्फ रॉकी को गोली मार दी गई। गोली उसकी कनपटी में लगी और जबड़े के ऊपरी हिस्से में फंस गई। गंभीर हालत में उसे पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम गोली निकालने का प्रयास कर रही है। घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घायल नीरज को अस्पताल पहुंचाने वाले चार युवकों को पुलिस ने रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना दुर्गा मंदिर के पास चौवटिया के नजदीक हुई। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। पहले बकझक, फिर मारपीट और गोलीबारी नीरज के भाई सूरज चौधरी ने बताया कि मेला के दौरान नीरज और अनिकेत नाम के युवक के बीच बकझक हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। वहां मौजूद दीपक और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। सूरज के मुताबिक, इसके बाद नीरज मेला के बाहर अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान अनिकेत अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और नीरज पर गोली चला दी। परिजनों का आरोप है कि नीरज पर तीन गोलियां चलाई गईं। इनमें एक कनपटी में लगी, जबकि दूसरी गोली उसे नहीं लगी। तीसरी गोली चलाने की कोशिश में बंदूक फंस गई। परिजनों के मुताबिक, गोली नीरज के मोबाइल को चीरते हुए कनपटी में लगी। हालांकि, गोलीबारी की पूरी घटना और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। पुराने मर्डर केस को लेकर विवाद का आरोप नीरज के भाई सूरज ने आरोप लगाया कि अनिकेत पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उसी मामले में नीरज को भी संदेह के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बाद में नीरज छूट गया था, जबकि अनिकेत मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार हुआ था। सूरज का दावा है कि इसी बात को लेकर अनिकेत नीरज से नाराज था। परिजनों को आशंका है कि पुराने विवाद के कारण ही उस पर हमला किया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी पुराने हत्या के मामले को गोलीबारी की वजह के रूप में पुष्ट नहीं किया है। फसल की खरीद-बिक्री करता है घायल युवक नीरज की मां संजू देवी ने बताया कि उन्हें घटना के कारणों की जानकारी नहीं है। उनके मुताबिक, नीरज ने घर पर किसी विवाद की बात नहीं बताई थी। वह मक्का समेत दूसरी फसलों की खरीद-बिक्री करता था और पूर्णिया सहित अन्य जगहों की मंडियों में फसल बेचता था। पुलिस बोली- दोस्तों के बीच विवाद में चली गोली सरसी थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि कचहरी बलुआ स्थित दुर्गा मंदिर के पास मेला देखने आए नीरज चौधरी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया है। शुरुआती जांच में सिगरेट पीने के दौरान दोस्तों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे युवक अररिया जिले के कालाबलुआ, रानीगंज के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles