![]()
पटना में शुक्रवार को रिलायंस रिटेल, फ्लिपकार्ट और बिग बास्केट के वेयरहाउस में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां मिली हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटना के जैथुली और दीदारगंज स्थित रिलायंस रिटेल के 2 वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जैथुली स्थित वेयरहाउस में कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले। फर्श पर गंदगी थी और स्टोर में कबूतर भी मौजूद थे। विभाग ने यहां से मलाई पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने 14 दिनों में कमियां दूर करने का नोटिस दिया है। ऐसा नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा सकते हैं। वहीं, फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस में 293 पैकेट चायपत्ती की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। ये जानकारी विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर दी है। मिर्च पाउडर के सैंपल जांच के लिए भेजे दीदारगंज स्थित रिलायंस के वेयरहाउस में खाने-पीने के सामान के साथ दूसरे सामान भी रखे मिले। खाद्य पदार्थों को रखने की जगह पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं थी। विभाग ने यहां से हल्दी पाउडर और तीखी मिर्च पाउडर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
84,970 रुपए की चायपत्ती की बिक्री पर लगाई रोक बिहटा स्थित फ्लिपकार्ट वेयरहाउस की जांच में टाटा टी गोल्ड के 500 ग्राम वाले पैकेटों पर छपे बैच नंबर और उनके कार्टन पर लिखे बैच नंबर अलग-अलग मिले। इसके बाद 293 पैकेटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इनकी कीमत 84,970 रुपए बताई गई है। विभाग ने चायपत्ती और टाटा हल्दी पाउडर के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं। 48 हजार से ज्यादा के सामान नष्ट होंगे फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में उचित तरीके से नहीं रखे गए कई खाद्य पदार्थ भी मिले। इनमें केक-पेस्ट्री के 31 पीस, आटे के 170 पैकेट, कुकीज के 70 पैकेट, कॉफी के 60 पैकेट, चिप्स के 24 पैकेट समेत अन्य सामान शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 48,210 रुपए बताई गई है। विभाग के अनुसार, इन सामानों को नष्ट करने के लिए अधिकृत कंपनी को सौंप दिया गया। इसके अलावा, 550 गंदे और टूटे हुए बॉक्स (सामान रखने वाले बॉक्स) के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई। इनकी कीमत 2.67 लाख रुपए बताई गई है। बिग बास्केट से जीरा पाउडर सैंपल के लिए भेजे पटना के मंहगूपुर चिरौरा स्थित बिग बास्केट वेयरहाउस की जांच में बारबेक्यू सॉस और जीरा पाउडर के सैंपल लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं मिले। इसके अलावा, पानी की निकासी की उचित व्यवस्था भी नहीं थी। विभाग ने इन कमियों को दूर करने के लिए वेयरहाउस को 14 दिनों का नोटिस दिया है। विभाग ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षित भंडारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करना होगा। विभाग ने कहा कि आगे भी वेयरहाउस और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। इससे पहले ब्लिंकिट और नाइन टू नाइन सुपर मार्केट में मिली थी कमियां… 49.5 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध मिला था पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 22 अक्टूबर को ब्लिंकिट, नाइन टू नाइन सुपर मार्केट और यो-यो चाइना रेस्टोरेंट समेत कई जगहों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई और एक्सपायरी सामान की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बायपास रोड स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस पहुंची, जहां भारी अनियमितता दिखी। इसके बाद करीब 2.14 करोड़ रुपए की खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगा दी। वहीं, इंद्रपुरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर में 49.5 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध मिला। एक्सपायरी दूध और खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराई गई। यो-यो चाइना रेस्टोरेंट में मैदा में कीड़ा मिला।
रिलायंस के स्टोर में मिले कबूतर, फर्श पर गंदगी:फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस में रखे 293 पैकेट चायपत्ती की बिक्री पर रोक, पनीर का सैंपल लिया

