![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने विस्थापितों के हक, अधिकार और नियोजन की मांग को लेकर जारी आंदोलन के क्रम में आंदोलनकारियों ने शहीद प्रेम महतो के आवास पर पहुंचकर उनकी माताजी से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। आंदोलन के दौरान लगातार भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मुलाकात के दौरान उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस दौरान माहौल भावुक रहा। शहीद प्रेम महतो का परिवार विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई से गहराई से जुड़ा रहा है। ऐसे में उनके परिवार की सुध लेना आंदोलनकारियों ने अपनी मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी बताया। कहा कि विस्थापितों का संघर्ष केवल नियोजन की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्षों से अपने अधिकार, सम्मान और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हजारों परिवारों की लड़ाई है। इस संघर्ष में अनेक परिवारों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों के सुख-दुःख और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा। कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे, इसके लिए आंदोलनकारी हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से विस्थापितों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा नियोजन सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने की अपेक्षा जताई गई।
विस्थापितों के हक की लड़ाई में हमेशा खड़े रहेंगे: श्वेता
