
मधेपुरा में खेल प्रतिभाओं का बड़ा जमावड़ा लगने जा रहा है. शहर के टाउन हॉल में 28 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय विद्यालय अंडर-14, 17 और 19 बालक-बालिका टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के नेतृत्व में खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और खेल से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है.
बिहार के नौ प्रमंडलों और एकलव्य केंद्र के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई.
उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे बिहार के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र से लगभग 300 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है. इनके अलावा 60 दल प्रभारी और 24 तकनीकी अधिकारी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे. अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी टेबल टेनिस में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे.
खिलाड़ियों के लिए आवास और भोजन की विशेष व्यवस्था
आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग उप समितियों का गठन किया गया है. शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने बताया कि आवास, भोजन, विद्युत, संचार, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई के लिए समितियां बनाई गई हैं.
इसके अलावा निबंधन समिति, कंट्रोल रूम, परिवहन एवं यातायात प्रबंधन समिति, मैदान समिति, प्रतिवाद समिति और चिकित्सा उप समिति भी गठित की गई हैं. इन समितियों को आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि खिलाड़ियों और उनके साथ आने वाले दल प्रभारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे खेल शिक्षक
बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कर्मियों एवं खेल शिक्षकों ने विचार-विमर्श किया. प्रशासन का प्रयास है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और आवश्यक सुविधाएं मिलें.
बैठक में खेल शिक्षक विमल कुमार भारती, अविनाश कुमार, बालकृष्ण कुमार, रितेश रंजन, अमित कुमार, मिथिलेश कुमार, गुलशन कुमार, निशु कुमार सिन्हा, कैलाश कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.
The post मधेपुरा में 28 अक्टूबर से जुटेंगे बिहार के 300 खिलाड़ी, 3 दिन चलेगी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता appeared first on Prabhat Khabar.
