![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो डॉ. एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन चिकसिया चास में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के उद्देश्य से शनिवार को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने निबंधों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, उसकी रोकथाम तथा नशामुक्त समाज के महत्त्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रतिमा कुमारी प्रथम, रवीना कुमारी द्वितीय व महेश तिवारी तृतीय स्थान पर रहे। प्राचार्य डॉ. शक्ति प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहने, नशे की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाने, सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में व्याख्याता मो. गुलाम रसूल अंसारी, कुमारी वायन डे, कुमारी भारती, रीमा रानी सिंह, सुनीता कुमारी, सुरेश कुमार साव, दिनेश महतो, नवरत्न कुमार आदि उपस्थित रहे।
नशे की रोकथाम पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित
