![]()
खगड़िया के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्णा-कुल्हड़िया पथ पर छठ घाट के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय अंशु कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार की रात पटना के मेदांता अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। रविवार को अंशु का शव कुल्हड़िया गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, कुल्हड़िया गांव निवासी फंटूश तिवारी का 20 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार 18 अक्टूबर को मोटरसाइकिल से परबत्ता बाजार जा रहा था। इसी दौरान कर्णा-कुल्हड़िया पथ पर छठ घाट के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल अंशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), परबत्ता पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. आशीष कश्यप ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल ले गए, जहां शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए पहुंची पुलिस मामले को लेकर परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को बताया कि पटना में ही पोस्टमार्टम समेत सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद पुलिस वापस थाने लौट गई। शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम रविवार को अंशु का शव कुल्हड़िया गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
रोड एक्सीडेंट में घायल युवक की मौत:बिजली के पोल से टकराई थी बाइक, पटना में इलाज के समय गई जान
