![]()
दरभंगा के अकबरपुर बैंक गांव निवासी एक महिला ने ससुराल वालों पर मारपीट, गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में बिरौल थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि शादी के करीब 10 साल से वह ससुराल वालों की प्रताड़ना झेल रही है। जब भी वह मुंबई से अपने ससुराल आती है, उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता है। पति नटवर आचार्य के साथ भी मारपीट करने और उनके पास से 40 हजार रुपएये नकद छीनने का आरोप लगाया है। बचाने पहुंचे पति के साथ भी मारपीट का आरोप थाने में दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि 23 अक्टूबर को घर में दैनिक कार्य कर रही थी। इस दौरान जेठ आशीष आचार्य, रोशन आचार्य, देवर मुरारी आचार्य और जेठानी ज्योति देवी उसके घर में घुस आए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसे घेर लिया और लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। बाल पकड़कर कपड़े भी फाड़ दिए गए। बीच-बचाव के दौरान पति को भी मारा। मुरारी आचार्य ने उसके पति की जेब से मोबाइल और 40 हजार रुपए नकद निकाल लिए। हालांकि, स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के दौरान मोबाइल वापस मिल गया, लेकिन नकदी नहीं मिली। मारपीट के बाद वह और उसके पति बदहवास स्थिति में किसी तरह बिरौल थाना पहुंचे।
‘10 साल से प्रताड़ित किया जा रहा है’ पीड़िता प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं, लेकिन वह ससुराल में कभी भी एक महीने तक चैन से नहीं रह सकी है। वह मुंबई में रहती है और जब भी गांव आती है, उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती है। सास, जेठ, जेठानी और देवर परेशान करते हैं। ससुराल पक्ष के कुछ लोग चाहते हैं कि उसका पति उसे छोड़ दे, ताकि वह अपने घर में नहीं रह सके। पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसे निशाना बनाते हैं और धमकियां देते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि त्योहार या पारिवारिक कार्यक्रमों में जब उसका पति गांव आता है, तब उसके साथ भी मारपीट की जाती है। उसका दावा है कि इससे पहले भी उसे तीन बार जान से मारने की कोशिश की जा चुकी है। बेटे की मन्नत के लिए आई थी गांव पीड़िता ने बताया कि वह अपने बेटे की मन्नत पूरी करने के लिए ससुराल आई थी। इसी दौरान उसके पति किसी रिश्तेदार के यहां चले गए थे। उनके घर लौटने से पहले सास, जेठ, जेठानी और देवर सहित परिवार के सदस्यों ने उसे आंगन में घेरकर लाठी-डंडे से मारपीट की और गाली-गलौज की। पति के घर पहुंचने पर जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस कर रही मामले की छानबीन वहीं, इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि महिला की ओर से आवेदन मिला है। छानबीन की जा रही है। महिला से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर न्याय संगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा में महिला से गाली-गलौज और मारपीट:ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप; बोली- मेरे पति को भी मारा, 40 हजार रुपए भी छीन लिए
