![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, जिला मुख्यालय स्थित नदिया हिंदू प्लस टू उच्च विद्यालय मिनी स्टेडियम मैदान में रविवार को लोहरदगा प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने कबूतर उड़ाकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उनका उत्साह बढ़ाया। खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें लोहरदगा टाउन, लोहरदगा प्रखंड, किस्को, सेन्हा, कैरो, भंडरा, पेशरार और कुडू की टीमें शामिल हैं। उद्घाटन मैच सेन्हा और किस्को के बीच खेला गया। कार्यक्रम के दौरान मैदान में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इससे पूर्व सांसद सुखदेव भगत सहित अन्य अतिथियों का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। उन्हें मंच तक लाया गया। वहीं, सभी प्रखंडों की टीमों ने भी गाजे-बाजे के साथ पूरे उत्साह से मैदान में प्रवेश किया। मंच पर सांसद समेत सभी अतिथियों का बुके और सरना पट्टा देकर स्वागत किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा की धरती फुटबॉल के लिए जानी जाती है। यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही मंच और अवसर प्रदान किए जाएं। लोहरदगा प्रीमियर लीग जैसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। सांसद ने कहा कि यह टूर्नामेंट फीफा के नियमों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को पेशेवर फुटबॉल की बारीकियां समझने का अवसर मिलेगा। लोहरदगा प्रीमियर लीग में जिले के विभिन्न प्रखंडों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उद्घाटन मैच सेन्हा और किस्को के बीच खेला गया। इसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ भगत, सचिव साजिद अहमद चंगू, झारखंड युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद के सदस्य रविन्द्र सिंह, शशिभूषण राय, अजय शर्मा, विजय साहू, दिनेश अग्रवाल, सत्यजीत सिंह, शाश्वत सिद्धार्थ, वारिस कुरैशी, अनुपमा भगत, अंजली टोप्पो, आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, कुणाल अभिषेक और प्रखंड सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी उपस्थित थे। इसके अलावा वरीय जिला उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस गुलाम जिलानी, विजय चौहान, राधेश्याम साहू, दयानंद उरांव, नंदकिशोर शुक्ला, अनवर अंसारी, सोनू कुरैशी, प्रदेश सचिव कांग्रेस इमरान आजाद, तारिक अंसारी सहित फुटबॉल संघ के अध्यक्ष, आयोजन समिति के सदस्य, सैकड़ों खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने पर जोर आठ प्रखंडों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
