![]()
मोतिहारी में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला मधुबन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक हथियारों का प्रदर्शन कर स्थानीय लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। राइफल और देसी कट्टा लेकर खिंचवाई थी फोटो पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दो युवकों की हथियार के साथ फोटो वायरल हुई थी। फोटो का सत्यापन करने पर राइफल के साथ दिख रहे युवक की पहचान चंदन कुमार और देसी कट्टा लिए दिख रहे दूसरे युवक की पहचान दिनेश कुमार के रूप में हुई। दोनों बारा मंगरू गांव, थाना मधुबन के रहने वाले हैं। एसटीएफ और मधुबन पुलिस ने की छापेमारी फोटो वायरल होने की सूचना मिलने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसटीएफ और मधुबन थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने दोनों युवकों के घर पर छापेमारी की। जांच में पता चला कि चंदन कुमार के हाथ में दिख रही राइफल उसके मामा संतोष कुमार यादव की लाइसेंसी राइफल थी, जबकि दूसरे युवक के हाथ में देसी कट्टा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मधुबन थाना कांड संख्या 375/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो या वीडियो डालकर दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है।
मोतिहारी में हथियार के साथ फोटो वायरल करना पड़ा महंगा:मामा की लाइसेंसी राइफल के साथ रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार
