![]()
गालूडीह थाना परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद में कार्रवाई नहीं होने से नाराज बड़ाखुर्शी गांव निवासी पद्मावती सिंह ने जहर खा लिया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता ने थाना प्रभारी अंकु कुमार के समक्ष पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने शंभु महतो, शिवशंकर महतो और जगदीश महतो सहित 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और बदसलूकी की गई थी। महिला के अनुसार, शिकायत के बावजूद पुलिस न तो आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है और न ही मामले में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं जोड़ रही है। इसी उपेक्षा से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। मालूम हो कि यह विवाद पायरागुड़ी गांव स्थित एनएच-33 किनारे 5 एकड़ 74 डिसमिल रैयती जमीन को लेकर महतो और भूमिज समुदाय के बीच लंबे समय से चला आ रहा है।
गालूडीह थाना परिसर में महिला ने खाया जहर:पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जमीन विवाद में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर टूटा सब्र का बांध
