![]()
मोतिहारी में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकायत मिलने के बाद EOU की टीम ने केसरिया नगर परिषद की चेयरमैन के पति और भाजपा नेता रिंकू पाठक से जुड़े 3 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। EOU की टीम सुबह चकिया पहुंची थी। वहां से टीम ने आगे की कार्रवाई की योजना तैयार की। इसके बाद केसरिया पहुंचकर रिंकू पाठक के आवास सहित तीन अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि रिंकू पाठक के घर पर EOU की टीम करीब एक घंटे से जांच और तलाशी में जुटी है। दस्तावेजों की जांच कर रही टीम छापेमारी के दौरान टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। EOU के अधिकारी भी फिलहाल मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।
केसरिया नगर परिषद की चेयरमैन हैं पत्नी सूत्रों के अनुसार, रिंकू पाठक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत EOU को मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को एक साथ उनके तीन ठिकानों पर कार्रवाई की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। रिंकू पाठक भाजपा के स्थानीय स्तर के प्रभावशाली नेताओं में माने जाते हैं और पार्टी के कई बड़े नेताओं से उनके करीबी संबंध बताए जाते हैं। उनकी पत्नी केसरिया नगर परिषद की चेयरमैन हैं। फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को किन दस्तावेजों या संपत्तियों से संबंधित जानकारी मिली और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
BJP-नेता रिंकू पाठक के 3 ठिकानों पर EOU की रेड:आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई, केसरिया नगर परिषद की चेयरमैन है पत्नी
