Wednesday, October 28, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

आज विशाखापट्‌टनम तट से टकराएगा 'अर्नब तूफान':रांची में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सभी स्कूलों में आज और कल छुट्‌टी रहेगी


बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम तट से टकराएगा। यह मंगलवार शाम को तट से 180 किमी दूर था और 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। इसकी तीव्रता बहुत अधिक है। ऐसी आशंका है कि जब तूफान तट से टकराएगा, उस वक्त आंध्र में भारी बारिश के साथ ही 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस तूफान का झारखंड में असर दिखने लगा है। मंगलवार शाम रांची-जमशेदपुर सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए रांची सहित झारखंड के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किमी की रफ्तार से हवा चलने की भी आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए रांची जिला प्रशासन, नगर निगम और बिजली विभाग अलर्ट मोड पर है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिला आपदा समिति की बैठक बुलाकर सभी अधिकारियों को अगले तीन दिन अलर्ट रहने का निर्देश दिया। हालात को देखते हुए सभी निजी और सरकारी स्कूलों में बुधवार और गुरुवार को छुट्‌टी घोषित कर दी। रिम्स और सदर अस्पताल में 10-10 बेड रिजर्व रखने औैर पर्याप्त मात्रा में खून की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उधर, बिजली विभाग ने भी सभी अफसरों को ड्यूटी पर तैनात रहने का निर्देश दिया है। 28 व 29 अक्टूबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट 28 अक्टूबर रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग और लोहरदगा सहित मध्य झारखंड में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी। कहीं-कहीं 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 अक्टूबर रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश आैर अन्य जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। अॉरेंज और यलो अलर्ट जारी है। तैयारी… शहर में 24 घंटे 8 क्यूआरटी व 500 अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात 24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम…53 वार्ड चार जोन में बांटे गए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने आपदा को देखते हुए अधिकारियों संग बैठक की। कार्ययोजना बनाकर सभी ​को जिम्मेदारी सौंपी। शहर के सभी 53 वार्ड को चार जोन में बांटकर हर जोन में दो-दो क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात किया। हर जोन में स्वच्छता शाखा एवं हॉर्टिकल्चर शाखा की एक-एक नाइट टीम भी तैनात रहेगी। सफाई और जलजमाव से निपटने के लिए 500 अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। कंट्रोल रूम को 24 घंटे कार्यरत रहने का निर्देश दिया गया है। 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी टीम नगर निगम की आपदा से निपटने से संबंधित सभी शाखाएं 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी। जलजमाव वाले क्षेत्रों व निचले इलाकों पर विशेष नजर रखने के लिए क्यूआरटी लगातार गश्त करेगी। पेड़ों के झुकी डालियों को काटने या पेड़ गिरने पर तत्काल हटाया जाएगा। नदियों एवं बड़े नालों के जलस्तर पर निगरानी रखने के लिए टीम गश्त करेंगी। सभी जोन मेंनालियों की सफाई का निर्देश दिया गया हैं। जल जमाव से निपटने के लिए हेल्पलाइन भारी बारिश से शहर से गांव तक कहीं भी जल जमाव हो या पेड़ गिरे या किसी तरह का नुकसान हो तो इसकी सूचना प्रशासन व निगम के हेल्पलाइन नंबर पर दें। कहीं नालियां भरी हुई हैं या बड़ा नाला खुला हो तो इसकी भी सूचना दें। प्रशासन के अबुआ साथी वॉट्सएप नंबर – 9430328080 और नगर निगम के टॉल फ्री नंबर 1800 5701235 पर सूचना दे सकते हैं। बिजली विभाग ने भी जारी किया कंट्रोल रूम का नंबर बिजली विभाग ने भी रांची में बिजली संबंधी शिकायत एवं सूचना के लिए कंट्रोल रूम बना गया है। जिसमें संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम का नंबर-9431135682 है। जेबीवीएनएल ने आवश्यक परिस्थिति के लिए संपर्क नंबर जारी किया है तत्काल राहत पहुंचाई जाएगी… आपदा से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के अफसरों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया हैं। बिजली विभाग, पेयजल, नगर निगम की टीम पूरी तैयारी के साथ डटी हुई हैं। आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल राहत पहुंचाई जाएगी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सभी स्कूलों को भी बंद कर दिया गया हैं। -मंजूनाथ भजंत्री, डीसी, रांची

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles