![]()
कभी भागलपुर लोकसभा चुनाव में जमानत जब्त हुई थी, आज लगातार तीसरी बार एमएलसी बनकर हैट्रिक लगा दी। भाजपा के डॉ. नरेंद्र कुमार यादव उर्फ एनके यादव ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 10,026 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। जीत की घोषणा के बाद उनके आवास पर हजारों की तादाद में समर्थक पहुंचे। परिवार के साथ उन्होंने जीत का जश्न मनाया। समर्थकों ने पटाखे फोड़े, एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और बधाई दी। जीत के बाद डॉ. यादव ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर तीसरी बार भरोसा जताया है। उन्होंने स्नातक युवाओं को नौकरी दिलाने और उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार पर दबाव बनाने की बात भी कही। कुछ तस्वीरें… सहजता और युवाओं से जुड़ाव को जीत की वजह बताया भागलपुर सदर विधायक रोहित पांडेय ने डॉ. एनके यादव की जीत को उनकी सहजता और सरलता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव युवाओं से आसानी से जुड़ जाते हैं और उनके बीच उनकी अच्छी पहुंच है। विधायक के अनुसार, युवाओं के साथ यह जुड़ाव और कार्यकर्ताओं की मेहनत जीत में महत्वपूर्ण रहे।
पहली वरीयता में सबसे आगे रहे एनके यादव कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के सभी 11 राउंड पूरे होने के बाद पहली वरीयता के मतों में भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव को 24,075 वोट मिले। राजद प्रत्याशी नितेश यादव को 18,535 और जन सुराज प्रत्याशी रजनीश रंजन को 15,306 वोट प्राप्त हुए। पहली वरीयता में किसी प्रत्याशी को जीत के लिए निर्धारित मत नहीं मिले, जिसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की गई। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 74,401 वोट पड़े थे। इनमें करीब 10 हजार मत अवैध पाए गए, जबकि 64,401 मत वैध थे। जीत के लिए निर्धारित आंकड़ा 32,201 मत था। पहली वरीयता के मतों के बाद डॉ. एनके यादव को जीत सुनिश्चित करने के लिए दूसरी वरीयता में 8,126 अतिरिक्त मतों की जरूरत थी। दूसरी वरीयता की गिनती के बाद जरूरी मत हासिल कर उन्होंने जीत दर्ज की। अंतिम परिणाम के अनुसार, जीत का अंतर 10,026 वोट रहा। 2014 से लगातार तीसरी बार विधान परिषद पहुंचे डॉ. एनके यादव ने 2014 में पहली बार कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2020 में दूसरी बार एमएलसी बने और अब 2026 में लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाई है। इस जीत के साथ उन्होंने विधान परिषद में अपनी जगह बरकरार रखी। उनका राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। 2009 में भागलपुर लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने पर उन्हें 8,828 वोट मिले थे और जमानत जब्त हो गई थी। 2010 में उन्होंने भागलपुर विधानसभा सीट से लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 19,479 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद भाजपा से जुड़कर उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। प्रखंड स्तर पर उच्च शिक्षा के विस्तार की बात कही जीत के बाद डॉ. एनके यादव ने कहा कि पहले प्रखंड स्तर पर स्नातक की पढ़ाई की सुविधा नहीं हुआ करती थी, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। उन्होंने कहा कि स्नातक युवाओं को नौकरी दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने और युवाओं के हित से जुड़े मुद्दों पर जरूरत पड़ने पर सरकार पर दबाव भी बनाया जाएगा। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। उनके मुताबिक, इस भरोसे के साथ युवाओं और स्नातक मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। परिवार के साथ मनाया जश्न जीत के बाद डॉ. एनके यादव ने अपनी पत्नी और पूर्व मेयर डॉ. वीना यादव, बेटी डॉ. श्रेया यादव तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान भागलपुर सदर विधायक रोहित पांडेय सहित समर्थक भी मौजूद रहे। आवास पर पहुंचे समर्थकों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और तीसरी जीत की खुशी साझा की।
कोसी स्नातक सीट पर BJP के एनके यादव की हैट्रिक:10,026 वोटों से दर्ज की जीत, हजारों समर्थक पहुंचे आवास; जश्न में पटाखे फोड़े-लड्डू बांटे
