![]()
अररिया तरौना भोजपुर पंचायत के भोजपुर गांव में बुधवार को पोखर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे दशहरा मनाने अपनी मां के साथ ननिहाल आए थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतकों की पहचान सिकटी प्रखंड के बरदाहा थाना क्षेत्र की डेढुआ पंचायत के सुहागमोड़ो गांव निवासी अनिल कुमार मंडल के बेटे प्रियंस कुमार मंडल (8) और बेटी नैना कुमारी (6) के रूप में हुई है। दोनों अपनी मां चंपा देवी के साथ नाना उग्रानंद मंडल के घर आए थे। जानकारी के मुताबिक, चंपा देवी कपड़े धोने के लिए भोजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित पोखर गई थीं। इसी दौरान दोनों बच्चे पीछे से पोखर के किनारे पहुंच गए और फिसलकर गहरे पानी में चले गए। मां को इसकी जानकारी नहीं हुई। तलाश के दौरान पोखर में मिले दोनों के शव घर लौटने पर जब बच्चे नहीं मिले, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पोखर से दोनों के शव मिले। स्थानीय लोगों ने ताराबाड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। परिजनों को मुआवजा देने की मांग घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मुखिया हर्षवर्धन नारायण सिंह उर्फ पप्पू सिंह, उपमुखिया मुकेश मंडल, वार्ड सदस्य विक्की सिंह और सुमन कुमार मंडल समेत अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
अररिया में पोखर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत:दशहरा मनाने मां के साथ ननिहाल आए थे; कपड़े धोने गई मां को नहीं लगी भनक

