![]()
भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पिता-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा आंशिक रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नवगछिया पुलिस जिला के झंडापुर थाना क्षेत्र के ओलियाबाद गांव निवासी विनोद सिंह के रूप में हुई है। उनके बेटे सुशील सिंह को हल्की चोटें आई हैं। बताया गया कि विनोद सिंह हरनिया और पथरी की बीमारी से पीड़ित थे और इलाज के लिए भागलपुर आए थे। देर रात इलाज के बाद वह अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने हाईवा को जब्त किया सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा को जब्त कर लिया। हालांकि, दुर्घटना के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
हाईवा ने बाइक सवारों को रौंदा, पिता की मौत:विक्रमशिला सेतु पर हादसा, पथरी का इलाज कराकर घर लौट रहे थे; बेटे को भी लगी चोट
Date:




