![]()
सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं वाहिनी वीरपुर के जवानों ने मवेशी तस्करी के एक प्रयास को विफल कर बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने मौके से 09 मवेशी (08 गाय व 01 बछड़ा) और एक टाटा पिकअप वाहन जब्त करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सीमा चौकी नरपतपट्टी की पेट्रोलिंग टीम को मवेशियों की तस्करी की संभावित सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने विशेष गश्ती दल का गठन कर संबंधित क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान गश्ती दल जब स्पर संख्या 1775 के समीप पहुंचा, तो एक संदिग्ध टाटा पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। 08 गाय और 01 बछड़ा बरामद किया गया
जवानों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 08 गाय और 01 बछड़ा बरामद किया गया। वाहन में सवार व्यक्तियों से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद फयाज (ग्राम शाहपुर, जिला सुपौल), मोहम्मद राजमूल (ग्राम सातनपट्टी, जिला सुपौल) तथा मोहम्मद शमीबिल्ला (ग्राम नरपतपट्टी, जिला सुपौल) के रूप में हुई है। अन्य कार्मिकों की सक्रिय भूमिका रही
सोमवार शाम 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि बरामद 09 मवेशियों, टाटा पिकअप वाहन तथा तीनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फाटक कमलदाह, कुर्साकांटा, जिला अररिया (बिहार) को सुपुर्द कर दिया गया है। इस अभियान में उप निरीक्षक नरेश कुमार सहित अन्य कार्मिकों की सक्रिय भूमिका रही। एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए बल लगातार सतर्क और प्रतिबद्ध है।
सुपौल-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई:9 मवेशी व टाटा पिकअप जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार, नरपतपट्टी के पास स्पर 1775 पर पकड़ा वाहन
Date:




