![]()
लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के मटलोंग गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना मटलोंग पुलिस पिकेट से कुछ ही दूरी पर स्थित एक नर्सरी के पास हुई। मृतक की पहचान मटलोंग निवासी कारू सिंह (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पत्थर से सिर कुचलकर कारू सिंह की हत्या की है। घटनास्थल से खून से सना एक पत्थर और एक हेलमेट बरामद किया गया है। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। होली से ठीक पहले हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। मृतक के पिता कृष्णनंदन प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्हें हत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है। मृतक की माता मीना देवी सेवानिवृत्त एएनएम हैं।
लातेहार में पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या:घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक हेलमेट बरामद, पुलिस जांच में जुटी
Date:




