पुलिस पर बदमाशों का हमला, दो जवान घायल:बक्सर में शराब पकड़वाने से नाराज थे हमलावर, वीडियो आया सामने, एक गिरफ्तार

Date:


बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र स्थित जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना 2 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। हमले का एक वीडियो 5 मार्च को सामने आया है, जिसमें पांच-छह लोग दो पुलिसकर्मियों की पिटाई करते दिख रहे हैं। पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान और सिपाही रौशन कुमार गश्त के दौरान पास की अशोक चौबे की किराना दुकान पर सामान लेने गए थे। जब दोनों पुलिसकर्मी सामान खरीदकर पिकेट की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ-नौ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाश हाल ही में पुलिस द्वारा की गई शराब पकड़ने की कार्रवाई से नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने लात-घूंसों से पीटा हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आईं। हमलावरों ने दोनों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी पीटा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। पीड़ितों के अनुसार, मारपीट के दौरान बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार घटना के दौरान मौजूद एक ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में पिकेट पर तैनात सिपाही धीरज कुमार को सौंप दिया गया। वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की पहचान के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि चार अन्य अभी भी अज्ञात हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल दोनों पुलिसकर्मियों को तुरंत ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सिपाही रौशन कुमार के सिर में गहरी चोट है, जबकि हवलदार को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ब्रह्मपुर थाना में दिया था लिखित आवेदन इस मामले में 3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष अंशु कुमारी ने बताया कि घटना में शामिल गोपाल कुंवर को आज गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp