![]()
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 26 वर्षीय महिला प्रीति देवी का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक कुएं से बरामद किया गया है। महिला के मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रीति देवी के पति का नाम सुबोध कुमार रवानी है। वह 4 दिन पहले लापता हो गई थीं, जिसके बाद परिजनों ने 6 मार्च को कर्माटांड़ थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को ग्रामीणों ने घर के पास स्थित एक कुएं में शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद मायके वालों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रीति देवी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 8 वर्ष और ढाई वर्ष है। मृतका की मां अनीता देवी और बहनोई ने इसे हत्या करार दिया है। अनीता देवी ने बताया कि दहेज का कुछ पैसा बकाया था और उन्हें आशंका है कि इसी विवाद के चलते प्रीति की हत्या की गई है। उन्होंने तीन से चार लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है, जिसमें पति सुबोध रवानी भी शामिल हैं। मृतका के बहनोई ने बताया कि प्रीति के लापता होने के बाद पति सुबोध रवानी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने से मना किया और कई बातें छिपाने लगे। मायके पक्ष सारठ थाना क्षेत्र के भाभनपुर गांव का निवासी है। प्रीति देवी की शादी सुबोध रवानी से 2016 में हुई थी। वहीं, थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट 6 तारीख को दर्ज की गई थी, जिसके बाद आज गुमशुदा महिला का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या है या आत्महत्या सभी कारणों का पता चल पाएगा, जांच जारी है सभी दृष्टिकोण से जांच की जा रही है।
लापता महिला का शव कुएं में मिला:मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया, परिजनों ने गुमशुदगी का दर्ज कराया था मामाला
Date:




