जमशेदपुर के प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) को ईमेल के माध्यम से मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूरे कैंपस को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया।
.
पुलिस, बम और डॉग स्क्वॉयड की टीम मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, मंगलवार को ही रांची और जामताड़ा सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई। इसके बाद कोर्ट परिसर को खाली कर सघन जांच की गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक्सएलआरआई कॉलेज प्रबंधन को एक ईमेल के माध्यम से यह धमकी दी गई। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन की ओर से पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

जामताड़ा जिला सिविल कोर्ट में जांच करते पुलिसकर्मी।
जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी इधर, जामताड़ा जिला सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। ईमेल से धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी गई बताई जा रही है।
ईमेल मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड में आ गया। सुरक्षा के मद्देनजर जामताड़ा सिविल कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई है और चारों ओर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।
हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है।

सोमवार को बोकारो जिला व्यवहार न्यायालय को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर की करीब 4 घंटे तक सघन जांच की।
बोकारो जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी सोमवार को बोकारो जिला व्यवहार न्यायालय को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर के बाद हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पूरा कोर्ट परिसर खाली कराया गया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की करीब 4 घंटे तक सघन जांच की। लेकिन कुछ भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
बताते चलें कि कुछ दिन पहले रांची और धनबाद सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। ऐसे में पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है या यह किसी की सोची-समझी साजिश है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है।




