![]()
पलामू जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इन दुर्घटनाओं में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पहली घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोटवा गांव के पास हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पाटन थाना क्षेत्र के करर गांव निवासी 30 वर्षीय बीरबल कुमार और तरहसी थाना क्षेत्र के सुग्गी गांव निवासी 45 वर्षीय उर्मिला देवी की जान चली गई। मृतका उर्मिला देवी का 25 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश कुमार इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उर्मिला देवी अपने बेटे जयप्रकाश के साथ मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल से इलाज कराकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। डॉक्टरों ने बीरबल कुमार और उर्मिला देवी को मृत घोषित कर दिया लोटवा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बीरबल कुमार और उर्मिला देवी को मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना छतरपुर थाना क्षेत्र में हुई। यहां मुंकेरी गांव निवासी 60 वर्षीय उदित यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उदित यादव टेंपो से किसी काम से छतरपुर जा रहे थे। मंदिया गांव के पास वह टेंपो से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
पलामू में दो हादसों में तीन की मौत:मृतकों में इलाज कराकर लौट रही महिला भी शामिल, एक घायल
Date:




