
Saraikela Dowry Case, सरायकेला (प्रताप मिश्रा): सरायकेला जिले के चांडिल स्थित नीमडीह थाना क्षेत्र में दहेज को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है. पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर क्रूरता का आरोप लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित महिला ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पूर्व मुखिया गणेश गागराई के नेतृत्व में एसपी कार्यालय में अपनी आपबीती सुनाई और महिला थाना में पति के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
होली की रात मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, चार मार्च को होली के दिन रात करीब 11 बजे पीड़िता के पति आनंद महतो ने लोहे की छड़ से उसकी बेरहमी से पिटाई की. महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके शरीर पर केरोसिन तेल डालकर जलाने की कोशिश की गयी. किसी तरह वह पति के चंगुल से बचकर अपनी जान बचाने में सफल रही. महिला ने बताया कि उसने किसी तरह फोन कर अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी और अगले दिन यानी पांच मार्च को मायके चली गयी.
2021 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चे
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2021 में हुई थी. उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक तीन साल और दूसरा दो साल का है. महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही पति द्वारा अक्सर मारपीट की जाती थी. उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसके पति ने दोनों बच्चों को जबरन अपने पास रख लिया है और मायके से दो लाख रुपये लाने पर ही बच्चों को देने की धमकी दे रहा है.
ससुराल के अन्य लोगों पर भी आरोप
पीड़िता ने अपने ससुर अतुल महतो, सास सतबामा महतो और मामा ससुर जलधर महतो पर भी मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान, रांची रिंग रोड पर धू-धू कर जली रायपुर जा रही बस
The post ममता पर दहेज हावी: '2 लाख दो फिर मिलेंगे बच्चे', जान बचा मायके पहुंची सरायकेला की पीड़िता ने सुनाई दास्तां appeared first on Prabhat Khabar.




