![]()
झारखंड के चतरा जिले की संघरी घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जोरी थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कंटेनर पलटने के बाद पीछे से आ रहे आधा दर्जन हाइवा आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चतरा-गया मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। हादसा संघरी घाटी के एक अंधे मोड़ पर हुआ, जब तेज रफ्तार कंटेनर असंतुलित होकर पलट गया। पीछे से आ रहे भारी वाहन संभल नहीं पाए और एक-दूसरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। वाहन घंटों तक फंसे रहे
मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के तुरंत बाद चतरा-गया मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। यात्रियों से भरी बसें, एम्बुलेंस और अन्य छोटे वाहन घंटों तक फंसे रहे। जोरी थाना पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, घाटी की जटिल भौगोलिक स्थिति के कारण यातायात बहाल करने में काफी कठिनाई आ रही है। इस बीच, विधायक जनार्दन पासवान ने इस हादसे पर संज्ञान लिया है। उन्होंने संघरी घाटी में आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह घाटी ‘किलर जोन’ बन गई है।
चतरा में कंटेनर पलटा, आधा दर्जन हाइवा भिड़े:संघरी घाटी में हुआ हादसा, एक की मौत; चतरा-गया मुख्य मार्ग पर लगा लंबा जाम
Date:




