![]()
रामगढ़ थाना क्षेत्र की चूटूपालू घाटी में एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टकरा गया। इस दुर्घटना में हाइवा का चालक बुरी तरह केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रामगढ़ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रांची से हजारीबाग जा रहा हाइवा घाटी में अनियंत्रित हो गया। इससे यह हादसा हुआ। चालक के पैर में गंभीर चोटें आई है। दुर्घटना के बाद घाटी में थोड़ी देर के लिए जाम लग गया और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय प्रशासन और लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला जा सका। रामगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करने में जुट गई। क्षतिग्रस्त हाइवा को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, एक लेन को बंद कर दूसरे लेन से आवागमन जारी रखा गया है। घायल चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है क्योंकि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए रामगढ़ के सदर अस्पताल भेजा गया है। चूटूपालू घाटी में तीखे मोड़ होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। स्थानीय लोग घाटी में सुधार की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
चूटूपालू घाटी में हाइवा दुर्घटनाग्रस्त, चालक केबिन में फंसा:गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती, रांची से जा रहा था हजारीबाग
Date:




