Saturday, May 2, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

11 साल का रिश्ता, BPSC शिक्षक बनते ही मुकरा प्रेमी:प्रेमिका को छोड़ दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा था, पुलिस के पहुंचते ही दूल्हा फरार


पूर्णिया में सरकारी नौकरी मिलते ही एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी करने से साफ नकार कर दिया और दूसरी लड़की से शादी रचाने की तैयारी करने लगा। लेकिन शादी की खुशियां ज्यादा देर तक नहीं टिक सकीं। जैसे ही पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली, महिला थाना की टीम ने युवक के घर पर छापेमारी कर दी। पुलिस की गाड़ी देखते ही शादी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया और गिरफ्तारी के डर से दूल्हा घर छोड़कर फरार हो गया। पूरे मामले की शुरुआत करीब 11 साल पहले हुई थी। लखीसराय की रहने वाली युवती और पूर्णिया जिले के बीकोठी प्रखंड के औरलाहा गांव का रहने वाला अंजय कुमार दोनों पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे। तैयारी के दौरान दोनों की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीवन बिताने के सपने देखे और एक-दूसरे से शादी करने का वादा भी किया। संघर्ष के उन दिनों में दोनों एक-दूसरे का सहारा बने रहे। इंटरव्यू में सफल नहीं हो सकी थी लड़की दोनों ने मिलकर कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। युवती ने बिहार दरोगा भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा भी पास कर ली थी, लेकिन वह इंटरव्यू में सफल नहीं हो सकी। दूसरी ओर अंजय कुमार ने 2023 में BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर ली। इसके बाद उसे पूर्णिया के कसबा में शिक्षक के पद पर नियुक्ति मिल गई। पीड़िता के भाई का आरोप है कि करीब छह साल पहले युवती ने अंजय के भरोसे अपने परिवार तक को छोड़ दिया था। वह पटना में उसके साथ ही रहने लगी थी। दोनों ने एक साथ भविष्य बनाने के सपने देखे थे। लेकिन जैसे ही अंजय को सरकारी नौकरी मिली, उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। युवती का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद वह उससे दूरी बनाने लगा और धीरे-धीरे बात करना भी कम कर दिया। करीब तीन-चार दिन पहले युवती को पता चला कि अंजय 14 मार्च को किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। यह खबर सुनते ही युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। पहले उसने स्थानीय स्तर पर न्याय पाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो वह पूर्णिया महिला थाना पहुंची और पूरी कहानी पुलिस को बताई। आरोपी युवक घर छोड़ कर भागा महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FIR दर्ज कर ली। इसके बाद पुलिस की टीम बीकोठी स्थित अंजय के पैतृक घर पहुंची, जहां उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन पुलिस की गाड़ी देखते ही शादी का माहौल अचानक बदल गया। गिरफ्तारी के डर से आरोपी युवक घर छोड़कर फरार हो गया। महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता का बयान न्यायालय में धारा 183 के तहत दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी महिला की भावनाओं और उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles