![]()
पटना के पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के दो प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी चमक बिखेरेंगे। 14 और 15 मार्च को होने वाली ’12वीं नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप फॉर ऑटिज्म 2025-26′ एवं ’21वीं नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप फॉर सीपी 2025-26′ में सार्थक राज और आरुषि बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। विशिष्ट श्रेणियों में दिखाएंगे दम इंडियन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ ऑटिज्म एंड सीपी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सार्थक राज ‘ऑटिज्म’ वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे, वहीं आरुषि ‘सीपी’ (सेरेब्रल पाल्सी) वर्ग में राज्य का गौरव बढ़ाएंगी। सार्थक राज वर्तमान में संत पाल इंग्लिश स्कूल में कक्षा दो के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रिंसिपल बिजू थॉमस ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सार्थक की खेल के प्रति रुचि और निरंतर अभ्यास ने उनकी प्रतिभा को तराशा है। स्कूल परिवार को उनकी इस सफलता पर गर्व है। स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं सार्थक खिलाड़ियों के कोच कुंदन कुमार पांडे ने बताया कि सार्थक राज का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है। इससे पहले ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय खेल 2024-25 में भी सार्थक ने अपनी अद्भुत खेल क्षमता का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक जीता था। कोच के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूरी उम्मीद है कि वे इस बार भी पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने दोनों खिलाड़ियों को इस बड़ी प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
नालंदा के दो लाल ऑटिज्म-सीपी नेशनल चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम:पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा आयोजन, स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं सार्थक
Date:




