![]()
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव और संभावित आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं के बीच झारखंड के कई जिलों में घरेलू एलपीजी गैस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसका असर बीते कई दिनों से देखने को मिल रहा है। राज्य के विभिन्न शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लोग खड़े नजर आ रहे हैं। कई लोग खाली सिलेंडर लेकर सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अधिकांश एजेंसियों और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों और आशंकाओं के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर बुक कराने या भरवाने के लिए एजेंसियों की ओर दौड़ रहे हैं। इससे कई जगहों पर वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। चाईबासा और आसपास के इलाकों में सप्लाई की शिकायत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा क्षेत्र में कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई में अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। जिससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। इसका असर सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमशेदपुर, सरायकेला और चाईबासा के छोटे होटल, ढाबे और नाश्ते की दुकानों पर भी दिखाई दे रहा है। ठेले और खोमचे पर दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों ने बताया कि गैस नहीं मिलने से उन्हें कई बार अपनी दुकान अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ रही है। रामगढ़ और जमशेदपुर में पैनिक बुकिंग का माहौल रामगढ़ जिले में फिलहाल गैस की कमी नहीं है, फिर भी गैस एजेंसियों के काउंटर पर बुकिंग कराने के लिए लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। कई जगहों पर 60 से 70 लोग कतार में लगकर बुकिंग कराते नजर आए। एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से गैस की सप्लाई हो रही है। प्रतिदिन गैस के वाहन भी पहुंच रहे हैं। इसी तरह जमशेदपुर के मानगो स्थित कंचन दीप गैस काउंटर पर भी सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। यहां भी उपभोक्ता एहतियात के तौर पर पहले से सिलेंडर बुक कराने के लिए लाइन में खड़े दिखे, ताकि भविष्य में किसी संभावित परेशानी से बचा जा सके। कोडरमा, गुमला और गोड्डा में भीड़ और तकनीकी परेशानी कोडरमा जिले में पिछले पांच दिनों से गैस एजेंसियों के बाहर लगातार भीड़ देखी जा रही है। कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनके घर में भरा हुआ सिलेंडर होने के बावजूद वे अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए एजेंसियों के साथ बैठक कर सप्लाई व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। गुमला में भी शनिवार को एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रतिदिन करीब 2300 से 2400 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है और गैस की कोई कमी नहीं है। वहीं गोड्डा के कौशल्या गैस एजेंसी में बुकिंग लिंक और सिस्टम की तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे लोग लगातार दूसरे दिन भी एजेंसी पहुंच रहे हैं। अफवाहों से बचने की लोगों से अपील बोकारो सेक्टर-4 स्थित अनुराग एचपी गैस सर्विसेज सहित कई एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण सामान्य रूप से जारी है। सप्लाई में किसी प्रकार की रुकावट नहीं है। कुछ एजेंसियों ने एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरे सिलेंडर की आपूर्ति 45 दिन के अंतराल पर देने का नियम लागू किया है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके। कई जगहों पर ओटीपी मिलने में देरी और नेटवर्क समस्याओं के कारण वितरण प्रक्रिया धीमी हुई है, जिससे लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन और गैस एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से पैनिक बुकिंग करने से बचें, क्योंकि राज्य में गैस की आपूर्ति फिलहाल पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
झारखंड में अफवाहों से बढ़ी गैस की चिंता:चाईबासा में सप्लाई की शिकायत, रामगढ़-जमशेदपुर में पैनिक बुकिंग, कोडरमा, गुमला में भीड़
Date:




