Thursday, May 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में PNG बना LPG का विकल्प:350 घरों तक पाइपलाइन, किश्तों में 65 सौ रुपए देकर मिल रहा कनेक्शन, मिली राहत


कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया शहर में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और अनिश्चित आपूर्ति के बीच पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) एक प्रभावी विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है। शहर के कई इलाकों में पीएनजी की पाइपलाइन पहुंचने के बाद घरों और होटलों को इससे काफी राहत मिल रही है। जिन परिवारों को पहले गैस सिलेंडर भरवाने और उसकी उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता था, वे अब आसानी से पाइपलाइन के माध्यम से गैस का उपयोग कर पा रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि उपभोक्ताओं को बार-बार सिलेंडर बुक कराने और एजेंसी के चक्कर लगाने से भी मुक्ति मिल रही है। कई इलाकों में पहुंची पाइपलाइन, बढ़ रहे कनेक्शन शहर के नवादा बस्ती, चित्रगुप्त नगर, आश्रम रोड, सीडी कॉलोनी, महात्मा गांधी रोड और पुराना बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों तक पीएनजी की पाइपलाइन पहुंच चुकी है। इन इलाकों में कई बड़े होटलों में भी पीएनजी कनेक्शन शुरू कर दिए गए हैं। पीएनजी के ऑपरेटर मेंटेनेंस एवं ऑपरेशन राहुल कुमार ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर भरवाने के झंझट से पूरी तरह राहत मिल जाती है। उन्होंने कहा कि पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित और किफायती है। वर्तमान में इन क्षेत्रों में लगभग 350 घरेलू कनेक्शन और पांच व्यावसायिक कनेक्शन सक्रिय हैं। घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए 6500 रुपए की सुरक्षा राशि जमा करनी होती है, जिसे उपभोक्ता किस्तों में भी जमा कर सकते हैं। घरों में आसान हुआ खाना बनाना आश्रम रोड निवासी गृहिणी ज्योति देवी ने बताया कि एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों के बीच उनके घर में लगा पीएनजी कनेक्शन काफी राहत दे रहा है। उन्होंने कहा कि जहां लोग गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में खड़े होकर सिलेंडर का इंतजार करते हैं, वहीं वह बिना किसी चिंता के आसानी से खाना बना पा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले एलपीजी सिलेंडर में रेगुलेटर लगाने में उन्हें अक्सर परेशानी होती थी और कई बार पति के घर आने का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब पीएनजी कनेक्शन में केवल रेगुलेटर ऑन करते ही गैस चूल्हा तुरंत चालू हो जाता है, जिससे खाना बनाना काफी आसान और सुविधाजनक हो गया है। होटल कारोबारियों को भी मिला सहारा पीएनजी का लाभ अब शहर के होटल कारोबारियों को भी मिलने लगा है। होटल संचालक राजेन्द्र मोदी ने बताया कि हाल के दिनों में बाजार में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता कम होने लगी थी, जिससे होटल संचालन पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने होटल में पीएनजी कनेक्शन ले लिया था, जिसका अब सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि होटल पहले की तरह सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। इससे जुड़े करीब 20 कारीगरों का रोजगार भी सुरक्षित है। यदि एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण होटल प्रभावित होता तो यहां काम करने वाले कर्मचारियों को भी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles