![]()
नवादा नगर परिषद क्षेत्र में आम लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय बदहाल स्थिति में हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर नगर परिषद द्वारा एक दर्जन से अधिक निःशुल्क शौचालय बनाए गए हैं, लेकिन रखरखाव के अभाव में उनकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें शहर के चौक-चौराहों पर शौचालय की समुचित सुविधा नहीं मिल पा रही है। कई स्थानों पर शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जबकि पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण लोगों को इन शौचालयों का उपयोग करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। प्रजातंत्र चौक पर शौचालय के लिए लिया जा रहा शुल्क शहर के प्रमुख स्थान प्रजातंत्र चौक पर बने शौचालय को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। यहां महिलाओं से शौचालय का उपयोग करने के लिए 5 से 10 रुपये तक का शुल्क लिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब नगर परिषद द्वारा निःशुल्क शौचालय की व्यवस्था की गई है तो फिर शुल्क वसूलना गलत है। इससे खासकर गरीब और ग्रामीण महिलाओं को ज्यादा परेशानी होती है। महिलाओं के लिए पर्याप्त सुविधा नहीं सदर नवादा के विभिन्न चौक-चौराहों पर महिलाओं के लिए निःशुल्क शौचालय की व्यवस्था लगभग नहीं के बराबर है। ऐसे में बाजार या अन्य काम से शहर आने वाली महिलाओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्रामीण महिलाओं को ज्यादा परेशानी लोदीपुर गांव के रहने वाले विष्णु कुमार ने बताया कि जब वे अपने परिवार के साथ शहर आते हैं तो शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण काफी परेशानी होती है। वहीं प्रिया कुमारी ने कहा कि गांव की महिलाओं के लिए 5 रुपये भी बड़ी रकम होती है। उन्होंने बताया कि जब महिलाएं खरीदारी के लिए नवादा आती हैं तो शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कत झेलनी पड़ती है। रखरखाव के अभाव में बिगड़ी व्यवस्था स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा शौचालय तो बना दिए गए, लेकिन उनके रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई जगहों पर शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती और पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से सफाई और देखरेख की व्यवस्था की जाए तो इन शौचालयों का सही उपयोग हो सकता है और लोगों को राहत मिल सकती है। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल नगर परिषद की इस व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोग सोशल मीडिया के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लगातार सवाल कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं की अनदेखी के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। जल्द सुधार का भरोसा इस संबंध में नगर परिषद की अध्यक्ष पिंकी कुमारी ने कहा कि शौचालयों की स्थिति को लेकर मिली शिकायतों पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नवादा नगर परिषद के वॉशरूम में गंदगी, पानी की किल्लत:महिलाओं को हो रही परेशानी, प्रजातंत्र चौक पर लिया जा रहा शुल्क
Date:




