![]()
बोकारो में एक व्यवसायी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सेक्टर क्षेत्र निवासी व्यवसायी रितेश कुमार सिंह ने सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। रितेश कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 15 मार्च को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने उन्हें अपने कारोबार की जानकारी होने का दावा करते हुए ‘बॉस’ के लिए 5 करोड़ रुपए की मांग की। व्यवसायी द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर, उन्हें व्हाट्सएप पर अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी देने वालों ने यह भी कहा कि वे बोकारो में पहले भी एक व्यापारी की हत्या की योजना बना चुके हैं और रितेश कुमार सिंह व उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। व्यवसायी और उनका परिवार भयभीत
धमकी भरे संदेश में राहुल दुबे (बॉस), अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला जैसे नामों का उल्लेख किया गया है। इस घटना के बाद से व्यवसायी और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। रितेश कुमार सिंह ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी सबूत के तौर पर सौंपे हैं। उन्होंने सिटी थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता से जांच करने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बोकारो में व्यवसायी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगी:व्हाट्सएप कॉल पर जान से मारने की दी धमकी, पीड़ित ने सिटी थाना में दर्ज कराई शिकायत
Date:




